Knews Desk- यूट्यूबर और बिग बॉस फेम अनुराग डोभाल एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। पिछले कुछ महीनों से उनके और उनकी पत्नी रितिका के बीच दूरियां बढ़ने की चर्चा लगातार चल रही थी। इसी बीच उनके फैंस के मन में यह सवाल उठने लगा कि क्या दोनों का तलाक हो गया है। हालांकि खुद अनुराग ने इस पूरे मामले पर स्थिति साफ कर दी है।

अनुराग डोभाल ने हाल ही में एक Q&A सेशन के दौरान अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि फिलहाल उनका और उनकी पत्नी का तलाक नहीं हुआ है, लेकिन दोनों अभी एक साथ भी नहीं रह रहे हैं। उनके अनुसार, “अभी ऐसा कुछ नहीं है, लेकिन अगर आगे सब ठीक रहा तो साथ रहेंगे, वरना कोई नहीं।”

यूट्यूबर ने बताया कि दोनों ने कुछ समय के लिए एक-दूसरे से दूरी बनाई है ताकि वे अपने-अपने अनुभवों और कठिन समय से उबर सकें। अनुराग के मुताबिक, दोनों को अपने जीवन में आई मुश्किलों को समझने और खुद को भावनात्मक रूप से संभालने के लिए स्पेस की जरूरत है। उन्होंने कहा कि रिश्ते में स्पेस देना जरूरी होता है और जब तक इंसान खुद खुश नहीं होगा, वह किसी और को भी खुश नहीं रख सकता। इसी वजह से वे और रितिका फिलहाल अलग रहकर अपने-अपने तरीके से खुद को संभाल रहे हैं।
अनुराग ने यह भी बताया कि वह अपने बेटे से नियमित रूप से मिलते हैं और करीब 15 दिनों में एक बार उससे मिलने जाते हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने परिवार की जिम्मेदारियों से पीछे नहीं हटेंगे और अपने बच्चे व पत्नी के लिए एक घर बनाने की योजना पर भी काम कर रहे हैं। उन्होंने भावुक होकर कहा कि उनके लिए जिंदगी आसान नहीं रही, लेकिन वह जिम्मेदारियों को निभाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। अनुराग ने यह भी संकेत दिया कि अगर भविष्य में परिस्थितियां सही रहीं, तो परिवार फिर से एक साथ रह सकता है।
गौरतलब है कि अनुराग डोभाल कुछ समय पहले एक गंभीर सड़क हादसे का भी शिकार हुए थे, जिसके बाद वे लंबे समय तक अस्पताल में रहे। अब वह धीरे-धीरे अपनी प्रोफेशनल लाइफ में वापसी कर रहे हैं और यूट्यूब पर नियमित व्लॉग भी शेयर कर रहे हैं। उनके यूट्यूब चैनल पर 8 मिलियन से अधिक सब्सक्राइबर्स हैं और सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है।