पश्चिम बंगाल में टीएमसी नेता के घर आधी रात को छापा, जिला परिषद सदस्य के ठिकानों से 4 करोड़ का सोना बरामद

डिजिटल डेस्क- पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के नेताओं की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। जबरन वसूली के मामले में फंसे बिधाननगर निगम के अध्यक्ष और टीएमसी नेता सब्यसाची दत्ता से पूछताछ के बाद पुलिस ने एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है। बिधाननगर नॉर्थ थाने की पुलिस ने मंगलवार तड़के करीब 3 बजे नदिया जिला परिषद की सदस्य और सब्यसाची की करीबी दोस्त टीना भौमिक साहा के तेहट्टा और करीमपुर स्थित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस तलाशी अभियान के दौरान टीना के मायके और ससुराल से लगभग 3 किलो सोना बरामद किया गया है, जिसकी बाजार में कीमत 4 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है।

सब्यसाची के पैसों से खरीदा गया था सोना, मिले जमीन के दस्तावेज

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सब्यसाची दत्ता को 8 जून को जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और मंगलवार को उनकी पुलिस रिमांड खत्म हो रही थी। हिरासत के दौरान पूछताछ में सब्यसाची ने कई राज उगले, जिसके बाद पुलिस उन्हें खुद साथ लेकर टीना भौमिक के घर पहुंची थी। जांच में सामने आया है कि बरामद किया गया सोना सब्यसाची के अवैध पैसों से ही खरीदा गया था और उसे सुरक्षित रखने के लिए टीना के घरों में छिपाया गया था। जब्त किए गए आभूषणों में सोने के भारी हार, चूड़ियां, लॉकेट और झुमके शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने मौके से जमीन के कई संदिग्ध दस्तावेज भी बरामद किए हैं।

50 किलो सोने की रसीद मिलने के बाद शुरू हुआ था एक्शन

इस पूरे मामले की कड़ियां तब जुड़ीं जब कुछ दिन पहले पुलिस को सब्यसाची के घर की तलाशी के दौरान 50 किलो सोना खरीदने की रसीदें मिली थीं। इसके बाद से ही पुलिस इस सोने की तलाश में जुटी थी। टीना भौमिक साहा नदिया जिला परिषद की सक्रिय सदस्य होने के साथ-साथ जिले में ‘तृणमूल बंगजननी’ की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। टीना का पहले भी प्राथमिक शिक्षक भर्ती घोटाले को लेकर टीएमसी विधायक तापस साहा के साथ भारी विवाद रहा है, जिसमें उन पर अवैध रूप से नौकरियां लगवाने के आरोप लगे थे।

टीना भौमिक का दावा- ‘यह मेरे खिलाफ राजनीतिक साजिश है’

दूसरी तरफ, टीएमसी नेता टीना भौमिक ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे एक सोची-समझी राजनीतिक साजिश करार दिया है। टीना का दावा है कि सब्यसाची दत्ता से उनका सिर्फ राजनीतिक परिचय है जो साल 2025 में शुरू हुआ था, जब सब्यसाची उनके इलाके के कुछ कार्यक्रमों में शामिल हुए थे। उन्होंने पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी मां, भाभी समेत परिवार की 7 महिलाओं के पुश्तैनी गहने भी पुलिस ने जब्त कर लिए हैं। इस बीच, बिधाननगर पुलिस ने टीना भौमिक को नोटिस जारी कर गुरुवार को व्यक्तिगत रूप से थाने में पेश होने का आदेश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *