लखनऊ के कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग, कई छात्र घायल, सीएम योगी ने लिया संज्ञान

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र स्थित पुरनिया में सोमवार को उस समय चीख-पुकार मच गई, जब एक नामी कोचिंग सेंटर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी बहुमंजिला इमारत में पल भर में काला धुआं भर गया। धुएं के कारण दम घुटने और आग की लपटों से घिरे छात्रों के बीच बिल्डिंग के अंदर भगदड़ मच गई। खुद को बचाने की जद्दोजहद में कई छात्रों ने इमारत की ऊंचाई से ही नीचे छलांग लगा दी, जिससे वे गंभीर रूप से चोटिल और झुलस गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर दमकल की कई गाड़ियां और आलाधिकारी मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुटे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोमवार को पुरनिया स्थित कोचिंग सेंटर की बिल्डिंग से अचानक धुएं का भारी गुबार उठता दिखाई दिया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा परिसर धू-धूकर जलने लगा। अंदर मौजूद छात्र-छात्राएं जान बचाने के लिए खिड़कियों की तरफ भागे। स्थिति इतनी भयावह हो गई कि कई बच्चों ने घबराहट में ऊपर से ही नीचे छलांग लगा दी। इस हादसे में कई बच्चे गंभीर रूप से घायल और झुलस गए हैं। स्थानीय लोगों और राहत दल ने तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, कई के फंसे होने की आशंका

हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। दमकलकर्मियों ने एक तरफ आग पर काबू पाने की कोशिशें शुरू की, वहीं दूसरी तरफ हाइड्रोलिक क्रेन और सीढ़ियों की मदद से इमारत की खिड़कियां तोड़कर अंदर फंसे छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर खुद कमान संभाले हुए हैं। आशंका जताई जा रही है कि अभी भी कुछ बच्चे अंदर फंसे हो सकते हैं, जिन्हें निकालने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान, दिए सख्त निर्देश

राजधानी में हुए इस बड़े हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के आलाधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने और राहत व बचाव कार्य में पूरी ताकत झोंकने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने कहा कि मलबे और धुएं के बीच फंसे हर एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालना प्रशासन की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने राहत कार्यों की सतत (कंटीन्यूअस) मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए हैं।

घायलों के समुचित इलाज और जल्द स्वस्थ होने की कामना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया है कि हादसे में झुलसे और चोटिल हुए सभी छात्रों को तुरंत शीर्ष स्तरीय और मुफ्त इलाज मुहैया कराया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही सीएम ने प्रशासन को हर स्तर पर सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए अस्पताल में भर्ती सभी घायल बच्चों के जल्द से जल्द पूरी तरह स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *