Knews Desk- ब्रिटेन की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने प्रधानमंत्री पद के साथ-साथ सत्तारूढ़ लेबर पार्टी के नेता पद से भी इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है। अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए स्टार्मर ने कहा कि पार्टी के भीतर उनके नेतृत्व को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे और उन्होंने पार्टी की भावनाओं का सम्मान करते हुए पद छोड़ने का फैसला किया है।
अपने संबोधन में स्टार्मर ने कहा कि उन्हें यह महसूस हुआ कि पार्टी के कई सांसद और कार्यकर्ता यह मानने लगे थे कि वह अगले आम चुनाव में पार्टी का नेतृत्व करने के लिए सबसे उपयुक्त चेहरा नहीं हैं। उन्होंने कहा, “मैंने इन आवाजों को गंभीरता से सुना और यही लोकतंत्र की भावना है। इसलिए मैंने सम्मानपूर्वक पद छोड़ने का निर्णय लिया है।”
स्टार्मर ने अपने कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि जब उन्होंने लेबर पार्टी की कमान संभाली थी, तब पार्टी एक कठिन दौर से गुजर रही थी। उन्होंने दावा किया कि उनके नेतृत्व में पार्टी ने अपनी साख दोबारा हासिल की और राष्ट्रीय राजनीति में मजबूत वापसी की। उन्होंने यह भी कहा कि उनके सभी फैसले देशहित को ध्यान में रखकर लिए गए और उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा, अर्थव्यवस्था तथा सामाजिक एकता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने के साथ ही स्टार्मर पिछले दस वर्षों में कार्यकाल पूरा होने से पहले पद छोड़ने वाले ब्रिटेन के छठे प्रधानमंत्री बन गए हैं। इससे पहले डेविड कैमरन, थेरेसा मे, बोरिस जॉनसन, लिज ट्रस और ऋषि सुनक भी अपना पूरा कार्यकाल पूरा नहीं कर पाए थे। इससे ब्रिटेन की राजनीति में लगातार बढ़ती अस्थिरता एक बार फिर चर्चा में आ गई है।
अब लेबर पार्टी के सामने नए नेता के चयन की चुनौती है। पार्टी जल्द ही नए नेता के चुनाव की प्रक्रिया शुरू करेगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हाल ही में उपचुनाव जीतने वाले एंडी बर्नहैम प्रधानमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी के कई सांसद उनका समर्थन कर रहे हैं।
अपने भावुक विदाई भाषण में स्टार्मर ने कहा कि प्रधानमंत्री बनना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान था। उन्होंने कहा कि अब वह अपने परिवार के साथ अधिक समय बिताना चाहते हैं और एक बेहतर पति तथा पिता की भूमिका निभाना चाहते हैं। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि सत्ता हस्तांतरण की पूरी प्रक्रिया को वह सहज और व्यवस्थित बनाएंगे तथा अपने उत्तराधिकारी को पूरा सहयोग देंगे। स्टार्मर के इस्तीफे के बाद अब पूरी दुनिया की नजरें लेबर पार्टी के अगले नेता और ब्रिटेन की नई राजनीतिक दिशा पर टिकी हुई हैं।