KNEWS DESK – साउथ सुपरस्टार यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म टॉक्सिक: अ फेयरीटेल फॉर ग्रोन अप्स को लेकर फैंस का लंबा इंतजार अब खत्म होने वाला है। कई बार रिलीज डेट बदलने के बाद आखिरकार मेकर्स ने फिल्म की नई और फाइनल रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। अब यह फिल्म 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में एक साथ रिलीज की जाएगी।
26 अगस्त 2026 को रिलीज होगी ‘टॉक्सिक’
फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा करते हुए यश ने सोशल मीडिया पर एक नया पोस्टर शेयर किया है। इस पोस्टर में उनका डबल लुक देखने को मिल रहा है। एक ओर वह घनी दाढ़ी और मूंछों के साथ नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरी ओर क्लीन शेव और लंबे बालों वाले अंदाज में दिखाई दे रहे हैं। पोस्टर पर एक दमदार लाइन भी लिखी गई है, “पिता का सम्मान करो।”
https://www.instagram.com/p/DZ1mYlfM-Ky
इस घोषणा के बाद फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, क्योंकि लंबे समय से इस फिल्म की रिलीज का इंतजार किया जा रहा था।
फिल्म में दिखेगा स्टार्स का शानदार जमावड़ा
‘टॉक्सिक’ में यश के साथ कई बड़ी अभिनेत्रियां अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। फिल्म में नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत अहम किरदार निभाती नजर आएंगी।
फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। खास बात यह है कि फिल्म की कहानी गीतू मोहनदास और यश ने मिलकर लिखी है। वहीं, इसका निर्माण केवीएन और आरएसवाई प्रोडक्शंस के बैनर तले किया गया है।
कई बार बदली गई रिलीज डेट
इससे पहले ‘टॉक्सिक’ को 19 मार्च 2026 को रिलीज करने की योजना थी, लेकिन उसी समय दूसरी बड़ी फिल्मों के साथ क्लैश की संभावना को देखते हुए इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई। बाद में इसे 4 जून 2026 के लिए शेड्यूल किया गया, लेकिन यह तारीख भी बदलनी पड़ी।
यश ने पहले ही साफ कर दिया था कि वह फिल्म की क्वालिटी से कोई समझौता नहीं करना चाहते और इसे पूरी तैयारी के साथ ग्लोबल लेवल पर रिलीज करना चाहते हैं। यही वजह है कि मेकर्स ने पर्याप्त समय लेकर अब 26 अगस्त 2026 की तारीख तय की है।
केजीएफ की ऐतिहासिक सफलता के बाद यश की यह पहली बड़ी फिल्म है। ऐसे में ‘टॉक्सिक’ को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी ज्यादा हैं। दमदार स्टारकास्ट, बड़े बजट और अलग कहानी के साथ यह फिल्म 2026 की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक मानी जा रही है।