NEET री-एग्जाम से दो दिन पहले छात्र ने किया सुसाइड, फंदे पर झूलने से पहले रिकॉर्ड किया 1 मिनट का चौंकाने वाला वीडियो

डिजिटल डेस्क- देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी के री-एग्जाम से ठीक दो दिन पहले उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहाँ विजयनगर थाना क्षेत्र के प्रताप विहार सेक्टर-9 (ए ब्लॉक) में रहने वाले एक मेडिकल एस्पिरेंट (छात्र) जतिन ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस खौफनाक कदम को उठाने से ठीक पहले छात्र ने अपने मोबाइल में 1 मिनट 4 सेकंड का एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसने इस पूरे मामले को और उलझा दिया है। वीडियो में छात्र ने साफ तौर पर कहा कि उसे NEET परीक्षा की कोई टेंशन या दबाव नहीं है, जिसके तुरंत बाद उसने सुसाइड कर लिया। मृतक जतिन के पिता एक सरकारी विभाग में कार्यरत हैं और उसके परिवार में माता-पिता के अलावा एक छोटी बहन है जो 12वीं कक्षा में पढ़ती है। परिजनों के मुताबिक, आगामी 21 जून को होने वाली परीक्षा को लेकर जतिन सामान्य दिख रहा था। गुरुवार की रात करीब 12 बजे वह अपने कमरे के बाहर टहलता हुआ भी दिखाई दिया था, जिसके बाद वह सोने के लिए अपने कमरे में चला गया। शुक्रवार की सुबह जब परिजन उसे जगाने के लिए कमरे में पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। जतिन कमरे में मृत अवस्था में पड़ा हुआ था, जिसके बाद बदहवास परिवार ने तुरंत मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

फोरेंसिक टीम को टूटा मिला पंखे का फंदा

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए विजयनगर थाना पुलिस और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मामले की जानकारी देते हुए एसीपी उपासना पांडे ने बताया कि शुरुआती जांच के दौरान छात्र का शव कमरे के फर्श पर पड़ा हुआ मिला, जबकि छत के पंखे से बंधा हुआ फंदा बीच से टूटा हुआ था। पुलिस का अनुमान है कि फांसी लगाने के बाद वजन न संभाल पाने के कारण फंदा टूट गया होगा। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सुसाइड से पहले बनाए वीडियो की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने जब बारीकी से तफ्तीश शुरू की और मृतक छात्र का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उसकी जांच की, तो उसमें रात करीब 12 बजे रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो मिला। चौंकाने वाली बात यह है कि इस वीडियो में कमरे की छत से लटकता हुआ फंदा भी साफ दिखाई दे रहा है, जिसके सामने खड़े होकर छात्र ने परीक्षा का तनाव न होने की बात कही है। फिलहाल परिजनों ने किसी भी व्यक्ति पर कोई शक या आरोप नहीं जताया है। गाजियाबाद पुलिस छात्र के मोबाइल फोन, इस आखिरी वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को गहनता से खंगाल रही है ताकि इस आत्मघाती कदम के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *