कॉल के बीच मिलेगा Jio AI Agent, बस बोलें ‘Hey Jio’

KNEWS DESK- रिलायंस इंडस्ट्रीज की 49वीं वार्षिक आम बैठक (AGM 2026) के दौरान Jio ने अपने नए AI फीचर ‘Jio Call Agent’ की घोषणा की। कंपनी के चेयरमैन आकाश अंबानी ने बताया कि यह AI असिस्टेंट यूजर्स के कॉलिंग अनुभव को पूरी तरह बदल देगा और कई स्मार्ट काम अपने आप कर सकेगा।

क्या है Jio Call Agent?

‘Jio Call Agent’ एक AI वॉयस असिस्टेंट है जो सीधे फोन कॉल के दौरान काम करेगा। यूजर्स इसे कॉल में शामिल कर सकते हैं और बस “Hey Jio” बोलकर इसे एक्टिव कर सकते हैं।

यह AI असिस्टेंट कॉल को समझने, रिकॉर्ड करने और उसे टेक्स्ट में बदलने की क्षमता रखता है। साथ ही यह बातचीत का सारांश (summary) भी तैयार कर सकता है।

कॉल के दौरान करेगा कई स्मार्ट काम

आकाश अंबानी के अनुसार यह AI एजेंट सिर्फ बातचीत तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कई रियल-टाइम काम भी कर सकेगा।

यह यूजर्स के लिए कैब बुक कर सकता है, खाना ऑर्डर कर सकता है, रेस्टोरेंट में टेबल रिजर्व कर सकता है और मीटिंग शेड्यूल भी सेट कर सकता है।

बिना ऐप डाउनलोड किए मिलेगा फायदा

इस सर्विस को खास बात यह है कि इसे इस्तेमाल करने के लिए किसी अलग ऐप की जरूरत नहीं होगी।

‘Jio Call Agent’ सीधे जियो के टेलीकॉम नेटवर्क से जुड़ा होगा और यह 50 करोड़ से ज्यादा यूजर्स तक पहुंचेगा। इसमें भारतीय भाषाओं का भी सपोर्ट मिलेगा, जिससे यह ज्यादा लोगों के लिए आसान और उपयोगी बन जाएगा।

कॉल में AI से बनेगी समरी और रिमाइंडर

यह AI असिस्टेंट कॉल के दौरान रियल-टाइम ट्रांसक्रिप्शन कर सकेगा और एक साथ कई लोगों की आवाज पहचान सकेगा।

कॉल खत्म होने के बाद यह पूरी बातचीत का सारांश तैयार करेगा, जरूरी पॉइंट्स निकालकर देगा और रिमाइंडर भी बना सकेगा, जिसे अन्य लोगों के साथ शेयर किया जा सकता है।

कैसे बदलेगा कॉलिंग का अनुभव?

Jio का यह AI फीचर सिर्फ चैटबॉट नहीं होगा, बल्कि यह सीधे वॉयस कॉल के अंदर काम करने वाला पर्सनल असिस्टेंट होगा। इससे यूजर्स को कॉल के दौरान ही कई काम पूरे करने की सुविधा मिलेगी, जिससे उनका समय और मेहनत दोनों बचेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *