Knews Desk- टेलीविजन की मशहूर अभिनेत्री और ‘अंगूरी भाभी’ के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाली शिल्पा शिंदे एक बार फिर अपने बेबाक बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए टीवी इंडस्ट्री के निर्माताओं और सिस्टम पर गंभीर आरोप लगाए। इतना ही नहीं, उन्होंने यहां तक कह दिया कि वह सड़क पर सब्जी बेचना पसंद करेंगी, लेकिन ऐसे लोगों के सामने झुकना मंजूर नहीं करेंगी।
https://www.instagram.com/reel/DZujmzOJUKf/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=NTc4MTIwNjQ2YQ==
शिल्पा शिंदे ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में कहा कि टीवी इंडस्ट्री के कुछ निर्माता ‘व्हाइट कॉलर माफिया’ की तरह काम करते हैं। उनका आरोप है कि कलाकारों का शोषण किया जाता है और उनके साथ खड़े होने वालों को भी धमकियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कलाकारों के भुगतान को महीनों तक रोका जाता है, जिससे उनके लिए आवाज उठाना और भी मुश्किल हो जाता है।
एक्ट्रेस ने इंडस्ट्री के कलाकार संगठनों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में कलाकारों को अपेक्षित समर्थन नहीं मिलता। शिल्पा ने दावा किया कि जब वह अपने जीवन के सबसे कठिन दौर से गुजर रही थीं, तब इंडस्ट्री में बहुत कम लोगों ने उनका साथ दिया। यही वजह है कि अब वह इस माहौल में काम करने की इच्छुक नहीं हैं।
भावुक अंदाज में शिल्पा ने कहा, “मुझे आपके साथ काम नहीं करना है। मुझे कोई रोल भी नहीं चाहिए। आजकल क्रिएटिविटी खत्म हो गई है और घटिया कंटेंट बनाया जा रहा है। मैं सड़क पर सब्जी बेच लूंगी, लेकिन ऐसे लोगों की चापलूसी नहीं करूंगी।” उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं और फैंस यह कयास लगा रहे हैं कि क्या शिल्पा वाकई अभिनय की दुनिया को अलविदा कहने वाली हैं।
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से शिल्पा शिंदे अपने पुराने विवादों को लेकर भी चर्चा में हैं। उन्होंने हाल ही में एक पॉडकास्ट में स्वीकार किया था कि वर्षों पहले उन्होंने ‘भाभी जी घर पर हैं’ के निर्माता के खिलाफ जो यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था, वह गलत था। इस खुलासे के बाद उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा, लेकिन शिल्पा का कहना है कि उस समय वह बेहद मुश्किल परिस्थितियों से गुजर रही थीं और लोगों को उनकी पूरी कहानी नहीं पता।
फिलहाल, शिल्पा शिंदे के इस बयान ने टीवी इंडस्ट्री के कामकाज और कलाकारों की स्थिति को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है। हालांकि उन्होंने आधिकारिक तौर पर अभिनय छोड़ने की घोषणा नहीं की है, लेकिन उनके तीखे तेवरों से साफ है कि वह मौजूदा व्यवस्था से बेहद नाराज हैं।