Knews Desk- यूपी पुलिस होमगार्ड भर्ती परीक्षा 2025 में शामिल हुए लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPBPB) जल्द ही होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा का परिणाम जारी कर सकता है। बोर्ड ने रिजल्ट जारी करने की तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं और माना जा रहा है कि परिणाम किसी भी समय घोषित किया जा सकता है। रिजल्ट जारी होने के बाद भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के तहत सफल अभ्यर्थियों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, यूपी पुलिस होमगार्ड भर्ती के तहत प्रदेश में कुल 41,424 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इस भर्ती के लिए वर्ष 2025 में आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई थी, जिसमें करीब 25 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के आवेदन के बाद भर्ती बोर्ड ने लिखित परीक्षा आयोजित की थी, जिसका परिणाम अब अंतिम चरण में है।
होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा का आयोजन 25 अप्रैल से 27 अप्रैल 2026 तक तीन दिनों में किया गया था। परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। प्रदेशभर के 1053 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित हुई थी। सभी अभ्यर्थियों को बायोमैट्रिक सत्यापन के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया था, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे।
अब भर्ती बोर्ड ने रिजल्ट के साथ-साथ अगले चरण की तैयारियां भी तेज कर दी हैं। सूत्रों के मुताबिक, लिखित परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन जुलाई महीने में प्रदेश के सभी 75 जिलों में कराया जाएगा। इसके लिए जिला स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण यानी फिजिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा। फिजिकल टेस्ट में निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले उम्मीदवारों के प्रदर्शन के आधार पर अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाएगी। इसी मेरिट सूची के आधार पर 41,424 पदों पर अंतिम चयन किया जाएगा।
ऐसे में यूपी पुलिस होमगार्ड भर्ती परीक्षा में शामिल हुए सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी जा रही है कि वे अपना आवश्यक शैक्षणिक और अन्य दस्तावेज पहले से तैयार रखें, ताकि रिजल्ट जारी होने के बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।