राज्यसभा में NDA की मजबूत पकड़, 27 में से 19 सीटों पर जीत, INDIA गठबंधन को झटका

Knews Desk- राज्यसभा चुनाव के ताज़ा नतीजों ने राजनीतिक समीकरणों को एक बार फिर बदल दिया है। 10 राज्यों की 27 सीटों पर हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 19 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं विपक्षी INDIA गठबंधन को करारा झटका लगा है, जिसे केवल 5 सीटों पर संतोष करना पड़ा है।

झारखंड में हुए मुकाबले ने इस चुनाव को और रोचक बना दिया। यहां दो राज्यसभा सीटों में से एक सीट JMM उम्मीदवार बैद्यनाथ राम को मिली, जबकि दूसरी सीट पर NDA समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी ने जीत हासिल की। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को हराया। इस परिणाम के साथ INDIA गठबंधन को बड़ा नुकसान हुआ है।

इन नतीजों के बाद राज्यसभा में कुल समीकरण भी NDA के पक्ष में और मजबूत हुए हैं। 245 सदस्यों वाली उच्च सदन में अब NDA के पास 152 सीटें पहुंच गई हैं, जबकि INDIA गठबंधन के पास 63 सीटें हैं। इसके अलावा अन्य क्षेत्रीय दलों जैसे BJD और YSRCP के पास मिलाकर 12 सीटें हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर यही रुझान जारी रहा तो NDA राज्यसभा में दो-तिहाई बहुमत (164 सीटों) के आंकड़े के करीब पहुंच सकता है।

झारखंड में मुकाबला खासतौर पर दिलचस्प रहा, जहां सत्तारूढ़ गठबंधन के पास स्पष्ट बहुमत था। JMM के पास 34 विधायक थे, जबकि NDA गठबंधन के पास 24 विधायकों का समर्थन था। क्रॉस वोटिंग और रणनीतिक समर्थन ने परिणामों को प्रभावित किया।

मध्य प्रदेश समेत कुछ राज्यों में भी चुनाव बिना मुकाबले के संपन्न हुए, जहां BJP उम्मीदवारों को सीधा लाभ मिला। इन नतीजों ने राज्यसभा में NDA की स्थिति को और मजबूत कर दिया है, जबकि विपक्षी INDIA गठबंधन के लिए यह परिणाम एक बड़ा राजनीतिक संकेत माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *