‘कॉकटेल’ का रिकॉर्ड तोड़ देगी ‘कॉकटेल 2’? पहले दिन होगी इतनी मोटी कमाई

KNEWS DESK – बॉलीवुड के तीन बड़े सितारे शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘कॉकटेल 2’ को लेकर चर्चा में हैं। यह फिल्म 19 जून को बड़े पर्दे पर रिलीज होने वाली है और रिलीज से पहले ही इसका जबरदस्त बज़ देखने को मिल रहा है।

‘कॉकटेल 2’ साल 2012 में आई सुपरहिट फिल्म ‘कॉकटेल’ का सीक्वल है, जिसमें सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी नजर आए थे। पहली फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया था, ऐसे में इसके दूसरे पार्ट से भी काफी उम्मीदें जुड़ी हुई हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की एडवांस बुकिंग 14 जून से शुरू हुई और पहले ही दिन इसे अच्छा रिस्पॉन्स मिला। शुरुआती 24 घंटे में ही करीब 21 हजार टिकट बिक गए, जो बिना ब्लॉक सीट के आंकड़े हैं। मंगलवार शाम तक यह संख्या बढ़कर लगभग 24,500 से ज्यादा हो गई। अभी 17 और 18 जून की बुकिंग बाकी है, ऐसे में उम्मीद है कि आंकड़े और भी तेजी से बढ़ेंगे।

ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि ‘कॉकटेल 2’ को शहरी मल्टीप्लेक्स में खासा अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। रोमांटिक ड्रामा होने के कारण युवा दर्शकों में फिल्म को लेकर खास उत्साह देखा जा रहा है।

एडवांस बुकिंग ट्रेंड को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि शाहिद कपूर की यह फिल्म पहले दिन लगभग 12 से 15 करोड़ रुपये की ओपनिंग कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो यह साल की मजबूत ओपनिंग फिल्मों में शामिल हो जाएगी।

फिल्म का निर्देशन होमी अदजानिया ने किया है, जिन्होंने पहले पार्ट को भी डायरेक्ट किया था। साल 2012 में आई पहली ‘कॉकटेल’ ने लगभग 10.95 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी। ऐसे में माना जा रहा है कि ‘कॉकटेल 2’ अपने पहले भाग का रिकॉर्ड आसानी से तोड़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *