‘इंदौर नहीं जाऊंगी, शिलांग में ही रहूंगी’, राजा रघुवंशी हत्याकांड में पहली बार बोलीं सोनम

KNEWS DESK- इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक बार फिर नया मोड़ आ गया है। मामले की मुख्य आरोपी और राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम रघुवंशी पहली बार मीडिया के सामने आई हैं। उन्होंने अपने ऊपर लग रहे कई आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि वह नेपाल नहीं भागी हैं और फिलहाल मेघालय की राजधानी शिलांग में रह रही हैं।

सोनम रघुवंशी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनके नेपाल भागने की खबरें पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील की। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह जल्द इंदौर लौटेंगी, तो उन्होंने साफ कहा कि फिलहाल उनका ऐसा कोई इरादा नहीं है और वह अदालत द्वारा तय की गई जमानत की शर्तों का पालन कर रही हैं।

सोनम ने बताया कि वह शिलांग में रहकर कानूनी प्रक्रिया का पालन कर रही हैं। हालांकि, सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए उन्होंने अपने सटीक ठिकाने का खुलासा करने से इनकार कर दिया। वहीं, उनके खर्च का इंतजाम कौन कर रहा है, इस सवाल पर भी उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और इसे निजी मामला बताया।

गौरतलब है कि राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने आरोप लगाया था कि जमानत मिलने के बाद सोनम देश छोड़कर नेपाल चली गई हैं। उन्होंने मामले की सीबीआई जांच की मांग भी की है। विपिन का कहना है कि दो राज्यों से जुड़े इस हाई-प्रोफाइल मामले की निष्पक्ष जांच केंद्रीय एजेंसी द्वारा कराई जानी चाहिए।

इस बीच, मेघालय पुलिस ने सोनम को मिली जमानत को हाईकोर्ट में चुनौती दी है। पुलिस ने अदालत से उनकी जमानत रद्द करने की मांग की है। इस याचिका पर सुनवाई पूरी हो चुकी है और अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है।

दरअसल, राजा रघुवंशी की शादी मई 2025 में सोनम रघुवंशी से हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद दोनों हनीमून के लिए मेघालय गए थे। इसी दौरान राजा रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए थे। बाद में उनका शव एक खाई से बरामद हुआ, जिसके बाद जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए और सोनम रघुवंशी को भी इस मामले में आरोपी बनाया गया।

फिलहाल मामले की सुनवाई जारी है और सभी की नजर अदालत के अगले फैसले पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *