बरेलीः कानून-व्यवस्था को धार देने के लिए बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, SSP अनुराग आर्य ने 2 इंस्पेक्टर समेत 46 पुलिसकर्मियों के बदले कार्यक्षेत्र

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी और जन-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। एसएसपी ने जिले के 2 निरीक्षकों (इंसपेक्टर) और कई उपनिरीक्षकों सहित कुल 46 पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उनके नए तैनाती आदेश जारी कर दिए हैं। इस बड़े फेरबदल से जिले के कई थानों और महत्वपूर्ण पुलिस चौकियों के प्रभारियों को बदला गया है। जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, रिजर्व पुलिस लाइंस में तैनात निरीक्षक अजीत सिंह को थाना शीशगढ़ में ‘इंसपेक्टर क्राइम’ के पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं, रिजर्व पुलिस लाइंस से ही निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह को प्रेमनगर थाने में ‘इंसपेक्टर क्राइम’ की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा, फील्ड स्तर पर बदलाव करते हुए उपनिरीक्षक श्रीनिवास को थाना मीरगंज से स्थानांतरित कर कैंट थाने भेजा गया है।

महत्वपूर्ण चौकियों के प्रभारियों में बड़ा उलटफेर

एसएसपी के इस आदेश के बाद जिले के कई प्रमुख चौकी प्रभारियों के कार्यक्षेत्र बदल गए हैं। पुनीत कुमार को भुता से हटाकर ढकिया डाम चौकी का प्रभारी बनाया गया है, जबकि रविराज पावड़िया को ढकिया डाम चौकी से हटाकर कोतवाली क्षेत्र की चौकी चौराहा की कमान सौंपी गई है। राजेंद्र सिंह को जिला अस्पताल चौकी का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं सुदीप बघेल को जिला अस्पताल चौकी से शाहबाद चौकी और आशीष कुमार को शाहबाद से थाना सीबीगंज भेजा गया है।

इन चौकियों पर भी तैनात किए गए नए कमांडर

शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की अन्य चौकियों पर भी नए प्रभारियों की तैनाती की गई है। सौरभ डेढ़ा को बारादरी क्षेत्र की वीआईपी मॉडल टाउन चौकी का प्रभार दिया गया है। अजय शर्मा को सद्भावना चौकी, लोकेश तोमर को देवरनियां चौकी, गौरव कुमार अत्री को टीपी नगर चौकी और हरेंद्र प्रताप सिंह को बभिया चौकी का प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा जितेन्द्र कुमार को मढ़ीनाथ चौकी और रविंद्र सिंह को करगैना चौकी भेजा गया है।

महिला सुरक्षा को प्राथमिकता और अन्य तैनातियां

इस प्रशासनिक बदलाव में महिला सुरक्षा और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उपनिरीक्षक अंजलि सिसौदिया को महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी की कमान सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त दयानंद को केंद्रीय कारागार (सेंट्रल जेल) चौकी का प्रभारी बनाया गया है, जबकि ऋषि मित्र को बेबल बसंतपुर चौकी और अखिल प्रताप सिंह को थाना आंवला भेजा गया है। शुभम कुमार को प्रेमनगर से आंवला और विजय सिंह तेवतिया को देवरनियां से क्योलड़िया थाना ट्रांसफर किया गया है। गोविंद सिंह और सुरेंद्र सिंह समेत कई अन्य पुलिसकर्मियों को रिजर्व पुलिस लाइन्स से निकालकर विभिन्न थानों में फील्ड पोस्टिंग दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *