KNEWS DESK – बॉलीवुड सुपरस्टार Shah Rukh Khan के बेटे Aryan Khan ने साल 2025 में वेब सीरीज ‘The Ba***ds of Bollywood’ के जरिए बतौर निर्देशक अपना डेब्यू किया था। नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई इस सीरीज को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला और सोशल मीडिया पर भी इसकी खूब चर्चा हुई। अब इस शो के फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘The Ba***ds of Bollywood’ के दूसरे सीजन पर काम शुरू हो चुका है। बताया जा रहा है कि मेकर्स इस बार पहले से ज्यादा दमदार और नई कहानी लेकर आने की तैयारी में हैं। पहले सीजन की सफलता के बाद दर्शक लंबे समय से इसके अगले भाग का इंतजार कर रहे थे।
शुरू हो चुका है स्क्रिप्टिंग का काम
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सीरीज की स्क्रिप्ट पर तेजी से काम चल रहा है। पहले सीजन के क्रिएटिव हेड बिलाल सिद्दीकी एक बार फिर कहानी को नया रूप देने में जुटे हैं। मेकर्स की कोशिश है कि दूसरा सीजन सिर्फ पहले भाग की सफलता को दोहराने तक सीमित न रहे, बल्कि दर्शकों को एक नया अनुभव दे।
सूत्रों का कहना है कि स्क्रिप्टिंग का काम इस साल के अंत तक पूरा किया जा सकता है। इसके बाद शो को प्रोडक्शन स्टेज में ले जाने की तैयारी शुरू होगी।
2027 में शुरू हो सकती है शूटिंग
रिपोर्ट के मुताबिक, ‘The Ba***ds of Bollywood 2’ की शूटिंग 2027 की शुरुआत में शुरू होने की संभावना है। हालांकि मेकर्स अभी किसी भी आधिकारिक घोषणा से बच रहे हैं। माना जा रहा है कि कई बड़े फैसले शाहरुख खान की आगामी फिल्म ‘किंग’ की रिलीज के बाद लिए जाएंगे।
पहले सीजन को मिला था जबरदस्त रिस्पॉन्स
पहले सीजन में Lakshya Lalwani, Bobby Deol और Mona Singh जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। शो को दर्शकों और समीक्षकों दोनों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी। यही वजह है कि अब दूसरे सीजन को लेकर उत्साह काफी बढ़ गया है।
आर्यन खान ने अपने पहले ही निर्देशन प्रोजेक्ट से यह साबित कर दिया कि वह कैमरे के पीछे भी मजबूत पकड़ रखते हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘The Ba***ds of Bollywood 2’ पहले सीजन की सफलता को कितना आगे ले जा पाती है।