देहरादून: हिंसा के बाद प्रशासन का बड़ा एक्शन, आरोपियों के घरों पर चला बुलडोजर, CM धामी कर रहे निगरानी

KNEWS DESK- उत्तराखंड के देहरादून जिले के सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में हुई युवक की हत्या के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। इलाके में तनाव और आक्रोश के बीच पुलिस-प्रशासन ने आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माणों को ध्वस्त करना शुरू कर दिया है।

भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में यह कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, यह कदम कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की अवैध संपत्ति पर रोक लगाने के उद्देश्य से उठाया गया है।

इस पूरे मामले पर क्षेत्रीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद ही यह त्वरित और सख्त कार्रवाई की जा रही है। विधायक ने स्पष्ट किया कि राज्य में किसी भी तरह की हिंसा, अराजकता और सांप्रदायिक तनाव फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

गौरतलब है कि बैरागीवाला गांव में सरकारी ट्यूबवेल से पानी के उपयोग और सेटरिंग सामान के किराये को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। इस झड़प में विनोद नामक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए थे।

घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया और गुस्साई भीड़ ने आरोपियों के घरों पर पथराव और आगजनी भी की थी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर 3 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।

फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था अभी भी सख्त रखी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *