“बीच चौराहे से घसीटते हुए लाऊंगा…” – शौहदों को मुरादाबाद के कुन्दरकी थाना प्रभारी की दो टूक चेतावनी, गूंज उठी तालियां

शिव शंकर सविता- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुन्दरकी थाना प्रभारी मंच से मंचचलों और शौहदों को बेहद कड़े लहजे में चेतावनी देते नजर आ रहे हैं। क्षेत्र में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर आयोजित एक चौपाल के दौरान थाना प्रभारी ने साफ लफ्जों में कहा कि अगर किसी ने भी बेटियों को परेशान करने की हिमाकत की, तो उसे “बीच चौराहे से पीटते और घसीटते हुए” थाने लाया जाएगा। दारोगा जी का यह रौबदार और सिंघम अंदाज देखकर वहां मौजूद सैकड़ों ग्रामीणों और महिलाओं ने तालियों की गड़गड़ाहट से पूरे परिसर को गुंजा दिया।

कानून का डर दिमाग में बिठा दूंगा….

यह पूरा मामला कुन्दरकी थाना क्षेत्र के एक गांव का है, जहां पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था और एंटी-रोमियो स्क्वाड को लेकर जनता के बीच संवाद कार्यक्रम रखा गया था। इसी दौरान मंच संभालते ही कुन्दरकी थाना प्रभारी ने सीधे तौर पर अपराधियों और शोहदों को ललकारा। उन्होंने अपने संबोधन में किसी भी तरह की गुंडागर्दी या छेड़खानी को बर्दाश्त न करने की बात कही। थाना प्रभारी ने कहा कि अपराधियों को यह गलतफहमी छोड़ देनी चाहिए कि वे बच निकलेंगे। पुलिस अब सिर्फ शिकायत का इंतजार नहीं करेगी, बल्कि ऐसे उपद्रवियों को सरेआम सबक सिखाया जाएगा ताकि दोबारा कोई ऐसी हिम्मत न कर सके।

खाकी का सिंघम अवतार: मंच से गूंजी सिंहगर्जना

थाना प्रभारी ने भरे मंच से खुलेआम कहा कि अगर किसी भी बहन-बेटी की तरफ आंख उठाकर देखी, या कुन्दरकी की सड़कों पर लफंगाई करने की कोशिश की, तो यह कान खोलकर सुन लो… सीधे घर में घुसकर निकालूंगा और बीच चौराहे से पीटते हुए, घसीटकर थाने लाऊंगा। कानून का ऐसा डर दिमाग में बिठा दूंगा कि सात पुश्तें अपराध करना भूल जाएंगी।” थाना प्रभारी का यह डायलॉग जैसे ही खत्म हुआ, चौपाल में मौजूद महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं का जोश सातवें आसमान पर पहुंच गया। वहां उपस्थित जनसैलाब ने खड़े होकर उनके इस साहसिक बयान का स्वागत किया और काफी देर तक तालियां बजती रहीं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, जनता कर रही तारीफ

कार्यक्रम का यह वीडियो वहां मौजूद किसी ग्रामीण ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब इंटरनेट पर जमकर शेयर किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्यशैली की लोग सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ कर रहे हैं। यूज़र्स का कहना है कि अगर हर थाना प्रभारी का रुख ऐसा ही कड़ा हो जाए, तो अपराधी और शोहदे अपने आप ही सुधर जाएंगे। इस बयान के बाद से कुन्दरकी पुलिस ने क्षेत्र के प्रमुख स्कूलों, बाजारों और चौराहों पर गश्त भी बढ़ा दी है, ताकि अराजक तत्वों पर पूरी तरह नकेल कसी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *