अखिलेश ने अनजाने में बताई सपा की मूल सोच… चंबल वाले बयान पर मंत्री जयवीर सिंह का तीखा पलटवार

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा अभी से सातवें आसमान पर पहुंच गया है। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के “2027 में हारे तो चंबल चले जाएंगे” वाले बयान पर अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बेहद आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है। योगी सरकार के कैबिनेट और नवनियुक्त झांसी प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने अखिलेश यादव के इस बयान पर तीखा पलटवार किया है। झांसी आगमन पर मीडिया से मुखातिब होते हुए जयवीर सिंह ने तंज कसा कि सपा प्रमुख ने चंबल का जिक्र करके अनजाने में अपनी पार्टी की मूल सोच, संस्कृति और पुरानी कार्यशैली को खुद ही उजागर कर दिया है।

जब मुलायम सिंह के सीएम रहते रद्द करना पड़ा था मैनपुरी का लोकसभा चुनाव

प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने सपा के शासनकाल को याद दिलाते हुए चुनावी इतिहास का एक बड़ा संस्मरण साझा किया। उन्होंने कहा कि जब देश और प्रदेश में बैलेट पेपर (मतपत्रों) के जरिए मतदान होता था, तब उत्तर प्रदेश की मैनपुरी संसदीय सीट पूरे हिंदुस्तान का ऐसा पहला लोकसभा क्षेत्र बना था, जहां चुनाव को पूरी तरह रद्द करना पड़ा था। जयवीर सिंह ने आरोप लगाया, “उस समय सूबे के मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव थे और धर्मेंद्र यादव लोकसभा के प्रत्याशी थे। मतदान के दौरान इतनी व्यापक धांधली, गुंडई और अराजकता की गई थी कि केंद्रीय निर्वाचन आयोग को विवश होकर पूरा चुनाव निरस्त करना पड़ा और दोबारा वोटिंग करानी पड़ी थी। सपा का मूल आधार हमेशा से ‘लठतंत्र’ रहा है।”

“लालू का जंगलराज नहीं भूले बिहारी, तो सपा की अराजकता कैसे भूलेगा यूपी?”

कैबिनेट मंत्री ने उत्तर प्रदेश के साथ-साथ पड़ोसी राज्य बिहार के सियासी इतिहास का हवाला देते हुए विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस तरह बिहार की जनता लालू प्रसाद यादव के 20 साल पुराने जंगलराज और अराजकता को आज तक नहीं भूली है, ठीक उसी तरह उत्तर प्रदेश की जनता भी महज 10 साल पहले (2012 से 2017) के सपा शासनकाल के खौफनाक दौर को नहीं भूली है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने जंगलराज की वजह से ही लालू जी के बेटे को सत्ता से बाहर रखा और एनडीए की प्रचंड बहुमत की सरकार बनाई। यूपी की जनता भी सपा के समय की रंगदारी और गुंडागर्दी को अच्छे से याद रखे हुए है। जनता ने 2017 और उसके बाद लगातार दो बार सपा को सत्ता से बेदखल किया है और 2027 में भी तीसरी बार सपा का यही हश्र होने वाला है।”

गंगोत्री से गंगासागर तक पीएम मोदी की नीतियों पर मुहर

जयवीर सिंह ने दावा किया कि आज देश की भौगोलिक सीमाओं में गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक जनता भाजपा की नीतियों, रीतियों और विकासपरक कार्यक्रमों से पूरी तरह प्रभावित है। देश के अधिकांश राज्यों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोक-कल्याणकारी कार्यों पर अपनी अटूट मुहर लगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *