ट्विशा शर्मा मौत मामले में नया मोड़, पिता ने लीगल एड सिस्टम पर उठाए सवाल

Knews Desk- भोपाल की अभिनेत्री ट्विशा शर्मा मौत मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (MPSLSA) से जुड़े कुछ वकीलों और अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश विवेक रूसिया को शिकायत भेजी है।

शिकायत में नवनिधि शर्मा ने आरोप लगाया है कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए नियुक्त कुछ लीगल एड वकील कथित तौर पर आरोपी पक्ष के समर्थन में सक्रिय दिखाई दिए। उनका कहना है कि मामले की पूरी प्रक्रिया की स्वतंत्र और पारदर्शी जांच कराई जानी चाहिए ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही की सच्चाई सामने आ सके।

शिकायत के साथ एक फोटो भी संलग्न की गई है, जिसमें लीगल एड डिफेंस काउंसिल स्कीम से जुड़े एक वकील आरोपी समर्थ सिंह की शादी में नजर आ रहे हैं। इसके अलावा आरोप लगाया गया है कि अग्रिम जमानत याचिका की सुनवाई के दौरान भी संबंधित वकील आरोपी पक्ष के निजी वकीलों के साथ अदालत में मौजूद थे।

नवनिधि शर्मा ने यह भी सवाल उठाया है कि जब आरोपियों की ओर से पहले से निजी वकील मौजूद थे, तब लीगल एड वकीलों की भूमिका क्या थी। उन्होंने मामले में जुड़े सभी पक्षों के कॉल रिकॉर्ड और संपर्कों की भी जांच कराने की मांग की है। शिकायत में लीगल एड व्यवस्था से जुड़े वकीलों की भूमिका, आरोपी पक्ष से उनके कथित संबंधों और न्यायिक प्रक्रिया के दौरान उनकी सक्रियता की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। मामले ने अब कानूनी सहायता प्रणाली की पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर भी बहस छेड़ दी है।

फिलहाल संबंधित संस्थाओं की ओर से शिकायत पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *