Knews Desk- विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम मंदिर के स्थापना दिवस पर 15 जून को आयोजित होने वाले भव्य मेले को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। हर साल की तरह इस बार भी देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए चिकित्सा व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए 14 जून से 16 जून तक विशेष चिकित्सा टीमें तैनात रहेंगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) नैनीताल डॉ. हरीश पंत ने बताया कि मेले के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए पांच विशेष मेडिकल टीमें कैंची धाम मंदिर परिसर में तैनात की जाएंगी। इन टीमों में विशेषज्ञ चिकित्सकों को शामिल किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
एम्बुलेंस और 108 सेवा रहेगी तैनात
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेले के दौरान तीन एम्बुलेंस और एक 108 आपातकालीन सेवा वाहन को चौबीसों घंटे तैनात रखा जाएगा। इसके अलावा सभी जरूरी दवाइयों, जीवन रक्षक औषधियों और इंजेक्शनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। विभाग का उद्देश्य श्रद्धालुओं को मौके पर ही प्राथमिक और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।
सुशीला तिवारी अस्पताल को बनाया गया बैकअप सेंटर
मेले के दौरान किसी भी गंभीर मरीज या बड़ी आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष बैकअप योजना भी तैयार की गई है। भवाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) को अलर्ट मोड पर रखा गया है। वहीं हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी राजकीय अस्पताल को भी पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल रेफर कर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
15 जून को मनाया जाएगा स्थापना दिवस
गौरतलब है कि हर वर्ष 15 जून को बाबा नीम करौली महाराज के कैंची धाम मंदिर का स्थापना दिवस बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन और प्रसिद्ध मालपुए के प्रसाद के लिए पहुंचते हैं।
भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग 14 जून की सुबह से ही अपनी सेवाएं शुरू कर देगा, जो 16 जून तक लगातार जारी रहेंगी। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि मेले का आयोजन बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।