‘शूटिंग में अपनी असाधारण उपलब्धियों से देश का मान बढ़ाया’, शूटर जसपाल राणा के निधन पर पीएम मोदी ने किया पोस्ट

KNEWS DESK- भारतीय खेल जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। देश के दिग्गज निशानेबाज और पूर्व अंतरराष्ट्रीय शूटर जसपाल राणा का शुक्रवार को दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 49 वर्ष के थे। उनके निधन से पूरे खेल जगत में शोक की लहर है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि जसपाल राणा का जाना भारतीय खेल जगत के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि राणा ने शूटिंग में अपनी असाधारण उपलब्धियों से देश का नाम रोशन किया और एक मेंटर के रूप में युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।

पीएम मोदी ने आगे लिखा कि उनका अनुशासन, समर्पण और खेल के प्रति निष्ठा हमेशा याद रखी जाएगी। इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं परिवार, मित्रों और खेल जगत के साथ हैं।

वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा कि जसपाल राणा एक उत्कृष्ट खिलाड़ी, बेहतरीन कोच और बेहद सरल स्वभाव के इंसान थे। उन्होंने भारत में शूटिंग को लोकप्रिय बनाने में अहम योगदान दिया। राजनाथ सिंह ने कहा कि राणा ने विश्व स्तर पर भारत को गौरव दिलाया और उनका जाना खेल जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जसपाल राणा एक चैंपियन खिलाड़ी और प्रेरणादायक कोच थे, जिन्होंने भारतीय शूटिंग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

जसपाल राणा ने एशियन गेम्स और विश्व स्तर की कई प्रतियोगिताओं में भारत के लिए पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था। बाद में उन्होंने कोच के रूप में भी भारतीय खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया, जिनमें ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर जैसे नाम शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, हाल ही में जर्मनी के म्यूनिख में हुए ISSF वर्ल्ड कप से लौटने के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

उनके निधन से भारतीय खेल जगत ने एक ऐसा सितारा खो दिया है, जिसकी उपलब्धियां और योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *