बलियाः प्रेमी को बुलाने की जिद पर 27 घंटे मोबाइल टावर पर चढ़ी रही शादीशुदा महिला, देवरिया से प्रेमी आया तब उतरी नीचे

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ‘शोले’ फिल्म की याद दिलाने वाला एक बेहद अजीबोगरीब और हाईवोल्टेज ड्रामा सामने आया है। यहाँ सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र के लीलकर गांव में एक महिला अपने प्रेमी से मिलने की जिद को लेकर मोबाइल टावर के सबसे ऊंचे हिस्से पर जा चढ़ी। महिला का यह ड्रामा एक-दो घंटे नहीं, बल्कि पूरे 27 घंटे तक चला। इस दौरान पूरे इलाके में हड़कंप मचा रहा और पुलिस-प्रशासन के हाथ-पांव फूले रहे। आखिरकार जब पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसके प्रेमी को ढूंढकर मौके पर बुलाया, तब कहीं जाकर महिला सुरक्षित नीचे उतरी।

बिहार से प्रेमी को ढूंढते हुए बलिया पहुंची थी महिला

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बिहार के आसनसोल की रहने वाली पूनम देवी मंगलवार को बलिया जिले के लीलकर गांव पहुंची थी। पूनम यहाँ उभांव थाना क्षेत्र के रहने वाले सौरभ बिंद नाम के एक व्यक्ति से मिलने की जिद पर अड़ी थी। बताया जा रहा है कि सौरभ बिंद की ससुराल लीलकर गांव में है और वह पहले से ही शादीशुदा है। जब पूनम को सौरभ का कोई सुराग नहीं मिला, तो उसने अपना ध्यान आकर्षित करने और प्रशासन पर दबाव बनाने के लिए गांव में स्थित एक ऊंचे मोबाइल टावर को चुन लिया और उस पर चढ़ गई।

२७ घंटे तक सांसें अटकाए रहा हाईवोल्टेज ड्रामा

बुधवार को जैसे ही ग्रामीणों ने एक महिला को टावर की ऊंचाई पर देखा, मौके पर हजारों लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही सिकंदरपुर थाने की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने लाउडस्पीकर के जरिए महिला को समझाने और नीचे उतारने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन वह अपनी बात पर अड़ी रही। उसका साफ कहना था कि जब तक सौरभ बिंद मौके पर नहीं आता, वह नीचे नहीं उतरेगी और नीचे कूदरकर जान दे देगी। रात भर महिला टावर पर ही जमी रही, जिससे पुलिस की रात की नींद उड़ी रही।

देवरिया से ट्रेस हुआ प्रेमी, बोला- “जो कहोगी वो करूंगा, नीचे आ जाओ”

मामले की गंभीरता और महिला की जान को खतरे में देख पुलिस ने फौरन एक्शन लिया और सर्विलांस की मदद से सौरभ बिंद की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद पुलिस ने सौरभ को पड़ोसी जिले देवरिया से ट्रेस किया और उसे आनन-फानन में बलिया के लीलकर गांव लाया गया। जैसे ही सौरभ को टावर के नीचे लाया गया, उसने ऊपर देख कर चिल्लाते हुए कहा, “तुम जो कहोगी, मैं वही करूंगा… लेकिन भगवान के लिए तुम सुरक्षित नीचे आ जाओ।” अपने प्रेमी की आवाज सुनते ही महिला का गुस्सा शांत हुआ और वह धीरे-धीरे टावर से नीचे उतर आई। महिला के पैर जमीन पर पड़ते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की गहरी सांस ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *