कमल हासन-रजनीकांत की मेगा फिल्म में देरी, ‘जेलर 2’ बनी सबसे बड़ी वजह

KNEWS DESK – साउथ सिनेमा के दो सबसे बड़े सितारे रजनीकांत और कमल हासन एक साथ बड़े पर्दे पर नजर आएंगे, इस खबर ने फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया था। हालांकि, लंबे समय से चर्चा में बनी इस मेगा प्रोजेक्ट को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है। अब फिल्म की देरी को लेकर नई जानकारी सामने आई है, जिसने फैंस का इंतजार और बढ़ा दिया है।

बताया जा रहा है कि इस महत्वाकांक्षी फिल्म का निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार करने वाले हैं। लेकिन फिलहाल निर्देशक का पूरा फोकस रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जेलर 2’ पर है। ‘जेलर’ की जबरदस्त सफलता के बाद इसके सीक्वल को बड़े स्तर पर तैयार किया जा रहा है और मेकर्स इस प्रोजेक्ट को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहते।

सूत्रों के मुताबिक, ‘जेलर 2’ का प्रोडक्शन और पोस्ट-प्रोडक्शन काफी बड़े पैमाने पर चल रहा है। फिल्म में कई बड़े कलाकारों की एंट्री की भी चर्चा है, जिसके चलते नेल्सन फिलहाल अपनी पूरी ऊर्जा इसी फिल्म पर लगा रहे हैं। यही वजह है कि रजनीकांत और कमल हासन की बहुप्रतीक्षित फिल्म का काम फिलहाल आगे नहीं बढ़ पाया है।

रिपोर्ट्स की मानें तो इस मेगा प्रोजेक्ट की शूटिंग अब 2027 में शुरू हो सकती है। फिल्म के प्री-प्रोडक्शन पर भी उसी समय तेजी से काम होने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में फैंस को दोनों दिग्गज सितारों को एक साथ देखने के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है।

दूसरी ओर रजनीकांत के पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स की लंबी कतार है। ‘जेलर 2’ के अलावा वह निर्देशक अश्वथ मारिमुथु की आगामी फिल्म से भी जुड़े हुए हैं। इसके साथ ही ‘थलाइवर 173’ भी उनकी चर्चित फिल्मों में शामिल है, जिसका निर्देशन सीबी चक्रवर्ती कर रहे हैं।

रजनीकांत के व्यस्त शेड्यूल और नेल्सन दिलीपकुमार की अन्य फिल्मों में व्यस्तता को देखते हुए फिलहाल यही माना जा रहा है कि कमल हासन और रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म को पर्दे पर आने में अभी समय लगेगा। हालांकि, जब भी यह प्रोजेक्ट शुरू होगा, इसे भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *