TVF की ‘गुल्लक 5’ का धमाल, सिर्फ 5 दिनों में 70 लाख यूनिक व्यूअर्स

Knews Desk- द वायरल फीवर (TVF) की लोकप्रिय वेब सीरीज ‘गुल्लक’ का पांचवां सीजन दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है। रिलीज के महज पांच दिनों के भीतर ही ‘गुल्लक सीजन 5’ ने Sony LIV पर 70 लाख (7 मिलियन) यूनिक व्यूअर्स का आंकड़ा पार कर लिया है। यह उपलब्धि इस बात का संकेत है कि दर्शकों के बीच मिश्रा परिवार की कहानी को लेकर कितना उत्साह और लगाव है।

‘गुल्लक’ अपने सरल लेकिन दिल को छू लेने वाले कथानक के लिए जानी जाती है। सीजन 5 में भी मिश्रा परिवार की रोजमर्रा की जिंदगी, रिश्तों की गर्माहट और छोटे-छोटे संघर्षों को बेहद खूबसूरती से दिखाया गया है। यही वजह है कि यह शो एक बार फिर दर्शकों के दिलों में जगह बनाने में सफल रहा है।

श्रेयांश पांडे द्वारा क्रिएट और डेवलप की गई इस सीरीज में अन्नू मिश्रा के किरदार में अनंत वी. जोशी नजर आ रहे हैं। वहीं जमील खान, गीतांजलि कुलकर्णी, हर्ष मयार और सुनीता राजवार ने भी अपने दमदार अभिनय से कहानी को जीवंत बनाया है।

TVF का दबदबा सिर्फ ‘गुल्लक’ तक सीमित नहीं है। उसके कई शो IMDb की टॉप 250 टीवी शोज़ की सूची में शामिल हैं। ‘टीवीएफ पिचर्स’, ‘पंचायत’, ‘कोटा फैक्ट्री’, ‘एस्पिरेंट्स’, ‘ये मेरी फैमिली’ और ‘गुल्लक’ जैसी सीरीज को दुनियाभर में सराहना मिली है।

हाल ही में आयोजित ‘Prime Video Presents’ इवेंट में भी TVF ने अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स की घोषणा कर सुर्खियां बटोरीं। ‘पंचायत’, ‘एस्पिरेंट्स’, ‘संदीप भैया’ और ‘सपने वर्सेस एवरीवन’ के नए सीजन के साथ-साथ कई नई फिल्मों और शोज़ की घोषणा की गई।

‘गुल्लक 5’ की शानदार सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सादगी भरी कहानियां आज भी दर्शकों के दिलों पर राज करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *