मसूरी में दर्दनाक हादसा: 600 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, चार लोगों की मौके पर मौत

Knews Desk- उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मसूरी में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मसूरी के झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, कार झड़ीपानी मार्ग से गुजर रही थी, तभी अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना तुरंत पुलिस और प्रशासन को दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, SDRF, फायर सर्विस और 108 एंबुलेंस की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। हालांकि दुर्घटनास्थल बेहद दुर्गम क्षेत्र में होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। खाई में घनी झाड़ियां और खतरनाक ढलान होने से बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। SDRF की टीम करीब 600 मीटर गहरी खाई में उतरकर राहत एवं बचाव अभियान चला रही है। जवान रस्सियों और विशेष उपकरणों की मदद से नीचे पहुंचे और शवों तक पहुंचने का प्रयास किया। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं तथा पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

एसपी सिटी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी मार्गों पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *