घर की बात से देश की दिशा तक, ‘गवर्नर’ के इस सीन को मनोज बाजपेयी ने बताया सबसे खास

Knews Desk- मनोज बाजपेयी की आगामी फिल्म ‘गवर्नर’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह लगातार बढ़ रहा है। भारत के 1991 के आर्थिक संकट की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म का ट्रेलर पहले ही लोगों का ध्यान खींच चुका है। अब मेकर्स ने अपनी विशेष वीडियो सीरीज़ ‘अप्वाइंटमेंट विद द गवर्नर’ का नया एपिसोड जारी किया है, जिसमें मनोज बाजपेयी ने फिल्म से जुड़े अपने पसंदीदा दृश्य और उससे मिलने वाली सीख के बारे में बात की।

वीडियो में मनोज बाजपेयी ने बताया कि फिल्म का उनका सबसे पसंदीदा सीन किसी आर्थिक नीति या बड़े फैसले से जुड़ा नहीं है, बल्कि गवर्नर और उनकी पत्नी के बीच होने वाली एक भावुक बातचीत है। उनके मुताबिक, यह दृश्य बताता है कि जैसे हर परिवार कठिन समय के लिए तैयारी करता है, वैसे ही एक देश को भी भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहना चाहिए।

मनोज बाजपेयी ने कहा, “मेरे पसंदीदा दृश्यों में से एक गवर्नर और उनकी पत्नी के बीच का सीन है। वह उन्हें समझाती हैं कि हर परिवार मुश्किल समय के लिए कुछ न कुछ बचाकर रखता है और यही बात एक देश पर भी लागू होती है। कई बार सबसे महत्वपूर्ण सलाह हमें किसी विशेषज्ञ से नहीं, बल्कि अपने घर से मिलती है।”

फिल्म ‘गवर्नर’ भारत के इतिहास के उस दौर की कहानी है, जब देश गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहा था। फिल्म में मनोज बाजपेयी आरबीआई गवर्नर की भूमिका निभा रहे हैं, जो कठिन परिस्थितियों में ऐसे फैसले लेते हैं, जो देश की आर्थिक दिशा बदल देते हैं।

फिल्म का निर्देशन चिन्मय मंडलेकर ने किया है, जबकि विपुल अमृतलाल शाह इसके निर्माता हैं। कहानी और पटकथा सुवेंदु भट्टाचार्य, सौरभ भारत, रवि असरानी और विपुल अमृतलाल शाह ने लिखी है। जावेद अख्तर के गीतों और अमित त्रिवेदी के संगीत से सजी यह फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *