T20 World Cup 2026 Prize Money: महिला क्रिकेट में ऐतिहासिक बढ़ोतरी, ICC ने किया बड़ा ऐलान

KNEWS DESK- इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए एक बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया है। इंग्लैंड में होने वाले ICC महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए प्राइज मनी में भारी बढ़ोतरी की गई है, जिससे यह टूर्नामेंट अब तक का सबसे बड़ा महिला टी20 वर्ल्ड कप बन गया है।

टूर्नामेंट की शुरुआत 12 जून से होगी और इसमें पहली बार 12 टीमें हिस्सा लेंगी। इस बार कुल 33 मुकाबले इंग्लैंड के सात अलग-अलग मैदानों पर खेले जाएंगे। बढ़े हुए फॉर्मेट और इनामी राशि ने इस वर्ल्ड कप को और भी खास बना दिया है।

ICC द्वारा घोषित नई प्राइज मनी के अनुसार, जो टीम चैंपियन बनेगी उसे 2.34 मिलियन डॉलर यानी 22 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिलेगी। वहीं उपविजेता टीम को 1.17 मिलियन डॉलर यानी लगभग 11 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। सेमीफाइनल में हारने वाली टीमों को भी लगभग 6.56 करोड़ रुपये मिलेंगे।

इसके अलावा सभी टीमों को टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए 247,500 डॉलर (करीब 2 करोड़ रुपये) की गारंटी राशि दी जाएगी। लीग स्टेज में हर जीत पर लगभग 29 लाख रुपये का अतिरिक्त बोनस भी तय किया गया है।

टूर्नामेंट के नए फॉर्मेट में 12 टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। हर ग्रुप में 6-6 टीमें होंगी, जो एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला खेलेंगी। दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।

ग्रुप-1 में भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका, बांग्लादेश और नीदरलैंड्स शामिल हैं। जबकि ग्रुप-2 में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज, श्रीलंका, स्कॉटलैंड और आयरलैंड की टीमें होंगी।

भारतीय टीम, जिसकी कप्तानी हरमनप्रीत कौर के हाथों में है, इस बार खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। अब देखना होगा कि क्या टीम इंडिया अपना पहला महिला टी20 वर्ल्ड कप जीतने में सफल हो पाती है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *