ईरान से तुरंत निकले भारतीय……. ईरान-इजरायल संघर्ष के बीच भारत का अलर्ट

Knews Desk– मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ईरान में स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। ईरान और इजरायल के बीच तेज होते सैन्य संघर्ष को देखते हुए दूतावास ने भारतीयों को फिलहाल ईरान की यात्रा से बचने और वहां मौजूद लोगों को जल्द से जल्द देश छोड़ने की सलाह दी है।

तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने कहा है कि मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए भारतीय नागरिक बेहद सतर्क रहें। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी संदेश में कहा कि ईरान में रह रहे भारतीय उपलब्ध और सुरक्षित साधनों का उपयोग करते हुए जल्द से जल्द देश से बाहर निकलने का प्रयास करें।

दरअसल, रविवार देर रात ईरान और इजरायल के बीच संघर्ष और तेज हो गया। ईरान की ओर से किए गए हमलों के जवाब में इजरायल ने भी कई महत्वपूर्ण शहरों को निशाना बनाया। रिपोर्ट्स के अनुसार, इजरायल ने तेहरान, इस्फहान और तबरीज समेत कई इलाकों में मिसाइल और हवाई हमले किए, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।

हालांकि, इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से ईरान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई न करने की अपील की थी। इसके बावजूद इजरायल ने सैन्य कार्रवाई को अंजाम दिया।

इस बीच, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने मौजूदा हालात के लिए अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि सीजफायर के उल्लंघन और इजरायल की सैन्य गतिविधियों को अमेरिकी नीतियों से अलग नहीं देखा जा सकता। बघाई ने आरोप लगाया कि इजरायल की कार्रवाई के पीछे अमेरिका का समर्थन और उसकी नीतियां काम कर रही हैं।

बढ़ते तनाव को देखते हुए भारतीय दूतावास हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और भारतीय नागरिकों से सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *