कार को सालों तक रखना चाहते हैं फिट? जानिए इंजन, गियर ऑयल से लेकर एयर फिल्टर बदलने का सही समय

KNEWS DESK- कार खरीदना जितना आसान है, उसकी सही देखभाल करना उतना ही जरूरी है। कई लोग सर्विस सेंटर की सलाह पर हर बार कई पार्ट्स बदलवा लेते हैं, जबकि हर चीज को बार-बार बदलने की जरूरत नहीं होती। अगर आप अपनी कार की उम्र बढ़ाना चाहते हैं और अनावश्यक खर्च से बचना चाहते हैं, तो कुछ जरूरी मेंटेनेंस नियमों को जानना बेहद जरूरी है।

इंजन ऑयल: कार का सबसे जरूरी फ्लूइड

इंजन ऑयल इंजन के सभी हिस्सों को लुब्रिकेट करता है और उसे ओवरहीट होने से बचाता है। अगर आपकी कार में मिनरल ऑयल इस्तेमाल होता है, तो इसे 8,000 से 10,000 किलोमीटर या करीब 6 महीने में बदलना चाहिए। वहीं सिंथेटिक ऑयल 10,000 से 12,000 किलोमीटर या लगभग एक साल तक आराम से चल सकता है। ऑयल बदलते समय पुराने ऑयल को पूरी तरह निकालना जरूरी होता है।

एयर फिल्टर का रखें ध्यान

एयर फिल्टर इंजन तक साफ हवा पहुंचाने का काम करता है। धूल और प्रदूषण वाले क्षेत्रों में रहने वालों को इसे हर 6 महीने में बदलना चाहिए। यदि आप अपेक्षाकृत साफ वातावरण में ड्राइव करते हैं तो एक साल तक इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। गंदा एयर फिल्टर इंजन की परफॉर्मेंस और माइलेज दोनों को प्रभावित करता है।

टायर रोटेशन क्यों है जरूरी?

टायरों को बराबर घिसने और उनकी लाइफ बढ़ाने के लिए टायर रोटेशन कराया जाता है। इसमें आगे और पीछे के टायरों की जगह बदली जाती है। विशेषज्ञों के अनुसार हर 8,000 से 10,000 किलोमीटर पर टायर रोटेशन करवाना फायदेमंद रहता है। इससे सड़क पर बेहतर ग्रिप भी मिलती है।

गियर ऑयल जल्दी बदलने की जरूरत नहीं

गियर ऑयल को लेकर अक्सर लोग भ्रमित रहते हैं। आमतौर पर इसे 50,000 से 60,000 किलोमीटर या 4 से 5 साल तक बदलने की जरूरत नहीं पड़ती। हालांकि अगर गियर बदलने में परेशानी या आवाज जैसी समस्या हो तो इसकी जांच जरूर करानी चाहिए।

ब्रेक पैड्स और अन्य जरूरी पार्ट्स

ब्रेक पैड्स वाहन की सुरक्षा से सीधे जुड़े होते हैं। शहर में लगातार ड्राइविंग करने पर ये जल्दी घिस सकते हैं। इन्हें 10,000 से 20,000 किलोमीटर के बीच जांचना चाहिए। जरूरत पड़ने पर तुरंत बदलवाना बेहतर होता है।

इसके अलावा कूलेंट और स्पार्क प्लग जैसे पार्ट्स सामान्य तौर पर 30,000 से 40,000 किलोमीटर तक आराम से चलते हैं। समय-समय पर उनकी जांच करवाते रहना कार की बेहतर परफॉर्मेंस के लिए जरूरी है।

हर कार की मेंटेनेंस जरूरतें अलग हो सकती हैं, इसलिए वाहन के यूजर मैनुअल को जरूर पढ़ें। सही समय पर सर्विस और पार्ट्स बदलवाने से न सिर्फ कार की उम्र बढ़ती है, बल्कि ईंधन की बचत और बेहतर ड्राइविंग अनुभव भी मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *