‘पेद्दी’ के गाने पर झूमे राम चरण के बॉडीगार्ड, इंटरनेट पर छाया वीडियो

KNEWS DESK – साउथ सुपरस्टार Ram Charan की फिल्म ‘पेद्दी’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म की सफलता के बीच एक और नाम लगातार सुर्खियों में बना हुआ है और वह हैं राम चरण के पर्सनल बॉडीगार्ड केविन कुंता। फिल्म के प्रमोशन के दौरान हर जगह राम चरण के साथ नजर आने वाले केविन अब सोशल मीडिया पर भी सेंसेशन बन चुके हैं।

हाल ही में केविन ने ‘पेद्दी’ के लोकप्रिय गाने ‘चिकिरी चिकिरी’ के हुक स्टेप पर एक वीडियो बनाया और उसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। फैंस ने उनके डांस और एनर्जी की जमकर तारीफ की है।

फिल्म के प्रमोशनल इवेंट्स के दौरान केविन उस समय चर्चा में आ गए थे, जब उन्होंने तेजी से आगे बढ़ रहे एक फैन को राम चरण के पास पहुंचने से रोक दिया था। उनकी फुर्ती और प्रोफेशनल अंदाज का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। इसके बाद से लोग उनके बारे में जानने के लिए उत्सुक हो गए।

कौन हैं केविन कुंता?

राम चरण के बॉडीगार्ड के रूप में पहचाने जाने वाले केविन कुंता का असली नाम अब्दू कदीर सोवे है। वह एक इंटरनेशनल एमएमए (मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स) फाइटर हैं। मूल रूप से गांबिया से संबंध रखने वाले केविन फिलहाल इटली के फ्लोरेंस में रहते हैं और वहीं अपने फाइटिंग करियर को भी आगे बढ़ा रहे हैं।

https://www.instagram.com/reels/DZRMNrQvAAk/

सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। इंस्टाग्राम पर उन्हें लाखों लोग फॉलो करते हैं और उनकी पोस्ट्स को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिलता है।

तीन साल से राम चरण की सुरक्षा में

एक इंटरव्यू में राम चरण ने बताया था कि केविन पिछले करीब तीन वर्षों से उनकी सुरक्षा टीम का हिस्सा हैं। वह अक्सर विदेश यात्राओं के दौरान अभिनेता की सुरक्षा संभालते हैं। हालांकि ‘पेद्दी’ के प्रमोशन के दौरान भी उन्हें राम चरण के साथ लगातार देखा गया, जिससे उनकी पहचान और लोकप्रियता दोनों में इजाफा हुआ।

अब ‘चिकिरी चिकिरी’ गाने पर उनके वायरल वीडियो ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि केविन सिर्फ सिक्योरिटी प्रोफेशनल ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर भी लोगों के पसंदीदा चेहरों में शामिल हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *