मालवीय नगर अग्निकांड के बाद एक्शन मोड में दिल्ली सरकार, सीएम ने बुलाई हाई लेवल बैठक

KNEWS DESK- दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद दिल्ली सरकार पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है, जिसमें राजधानी में अवैध निर्माण, बिना अनुमति संचालित हो रहे होटल-गेस्ट हाउस और अग्नि सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर चर्चा की जाएगी। सरकार ने साफ संकेत दिए हैं कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मालवीय नगर हादसा बेहद दुखद और गंभीर घटना है। इसकी गहन जांच कराई जाएगी और यह पता लगाया जाएगा कि हादसे के पीछे कौन-कौन सी लापरवाहियां जिम्मेदार थीं। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।

दिल्ली सचिवालय में होने वाली इस बैठक में दिल्ली पुलिस, एमसीडी, एनडीएमसी, डीडीए, दिल्ली फायर सर्विस, राजस्व विभाग, दिल्ली जल बोर्ड और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में राजधानी के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा मानकों की समीक्षा के साथ-साथ अवैध रूप से संचालित हो रहे होटल और गेस्ट हाउसों की जांच को लेकर भी रणनीति बनाई जाएगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सुरक्षा नियमों और भवन उपविधियों का उल्लंघन करने वाले किसी भी संस्थान के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। साथ ही संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी। सरकार का मानना है कि भ्रष्टाचार और लापरवाही के कारण ऐसी घटनाएं सामने आती हैं, इसलिए अब निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा।

दिल्ली सरकार का कहना है कि राजधानी में अवैध निर्माण और सुरक्षा नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर निरीक्षण अभियान चलाए जाने की भी संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *