KNEWS DESK- भारतीय क्रिकेट टीम को अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के दिग्गज बल्लेबाज और पूर्व कप्तान विराट कोहली इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, कोहली हैमस्ट्रिंग इंजरी से जूझ रहे हैं, जिसके चलते उन्हें आराम दिया गया है।
37 वर्षीय विराट कोहली हाल ही में आईपीएल 2026 में शानदार फॉर्म में नजर आए थे। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को लगातार दूसरी बार खिताब दिलाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। फाइनल मुकाबले में कोहली ने 42 गेंदों पर नाबाद 75 रन बनाए थे और टीम को जीत दिलाई थी। हालांकि मैच के दौरान वह दौड़ते समय असहज नजर आए थे, जिसके बाद उनकी चोट की आशंका जताई गई थी।
फाइनल के बाद मेडिकल जांच में पता चला कि कोहली हैमस्ट्रिंग इंजरी से परेशान हैं। हालांकि बीसीसीआई की ओर से अभी तक चोट की गंभीरता को लेकर आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है, लेकिन उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर कर दिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, यह फैसला एहतियात के तौर पर लिया गया है ताकि कोहली पूरी तरह फिट होकर आगे के बड़े टूर्नामेंट्स में वापसी कर सकें। अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज 14 जून से शुरू हो रही है, जिसमें पहला वनडे धर्मशाला में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा मैच लखनऊ और तीसरा चेन्नई में होगा।
आईपीएल 2026 में कोहली का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा था। उन्होंने 16 मैचों में 675 रन बनाए थे, जिसमें उनका औसत 56 से ज्यादा और स्ट्राइक रेट 165 से अधिक रहा। उनकी फॉर्म को देखते हुए टीम इंडिया को उनसे इस सीरीज में बड़ी उम्मीदें थीं।
अब विराट कोहली की गैरमौजूदगी में टीम की बल्लेबाजी पर असर पड़ सकता है, हालांकि चयनकर्ताओं ने पहले ही मजबूत टीम तैयार की है, जिसमें रोहित शर्मा, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।