CBSE री-इवैल्यूएशन पोर्टल पर उमड़े छात्र, कुछ ही घंटों में 40 हजार से ज्यादा आवेदन

Knews Desk- CBSE कक्षा 12वीं के री-इवैल्यूएशन और उत्तर पुस्तिका पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। इस बीच केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने ताजा आंकड़े जारी करते हुए बताया है कि छात्रों की ओर से बड़ी संख्या में आवेदन किए जा रहे हैं। बोर्ड के अनुसार, बुधवार सुबह 9:30 बजे तक 40 हजार से अधिक छात्र पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर चुके हैं।

CBSE ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि छात्रों के फीडबैक के आधार पर पोर्टल को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है। बोर्ड का कहना है कि उसकी तकनीकी टीम छात्रों के लिए सुरक्षित, भरोसेमंद और आसान ऑनलाइन प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।

इससे पहले बोर्ड ने जानकारी दी थी कि रात 10 बजे तक 14 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे। हालांकि अगले कुछ घंटों में आवेदनों की संख्या तेजी से बढ़कर 40 हजार के पार पहुंच गई।

बोर्ड ने भुगतान प्रक्रिया को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। CBSE के अनुसार, SBI, केनरा बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और इंडियन बैंक के पेमेंट गेटवे पोर्टल पर उपलब्ध हैं। छात्रों के लिए इन बैंकों में खाता होना जरूरी नहीं है। वे UPI, नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड के जरिए भी शुल्क जमा कर सकते हैं।

इस बीच बोर्ड ने यह भी खुलासा किया कि री-इवैल्यूएशन पोर्टल पर कई साइबर अटैक की कोशिशें की गईं। CBSE के मुताबिक, महज दो मिनट के भीतर पोर्टल पर 15 लाख से ज्यादा हिट दर्ज हुईं और एक लाख से अधिक फाइलों तक पहुंचने की कोशिश की गई। इसके बावजूद तकनीकी टीम ने सिस्टम को सुरक्षित बनाए रखा।

गौरतलब है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पहले अनुमान जताया था कि इस वर्ष 80 हजार से अधिक छात्र पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं। मौजूदा आंकड़ों को देखते हुए यह अनुमान सही साबित होता नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *