मालवीय नगर अग्निकांड पर PM मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को किया मुआवजे का ऐलान

Knews Desk- दिल्ली के मालवीय नगर में एक रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग की घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस दर्दनाक हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है।

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति शोक व्यक्त किया है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।

मालवीय नगर स्थित रेस्टोरेंट में आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत और बचाव कार्य के दौरान कई लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन कुछ लोग आग और धुएं की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हादसे की जांच के आदेश भी दिए गए हैं, ताकि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा सके।

फिलहाल पुलिस, दमकल विभाग और अन्य एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट समेत कई संभावित कारणों पर विचार किया जा रहा है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है और लोग मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *