खान सर कोचिंग हमले में बड़ा एक्शन, ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद गिरफ्तार

Knews Desk- पटना में खान सर की कोचिंग पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के निदेशक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से ही पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की जांच कर रही थी। शुरुआती जांच में हमले और तोड़फोड़ की घटना में ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े कुछ लोगों की भूमिका सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है।

मामला उस समय सुर्खियों में आया जब पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर हंगामा, पथराव और तोड़फोड़ की घटना सामने आई। हमले में कोचिंग का एक सुरक्षाकर्मी घायल हो गया था, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद कुछ संदिग्धों की पहचान की गई। जांच के दौरान ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े लोगों पर शक गहराया, जिसके बाद संस्थान के निदेशक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और आगे की कार्रवाई की गई।

हालांकि मामले को लेकर फायरिंग के दावों पर पुलिस का रुख अलग है। पटना पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में पथराव और तोड़फोड़ के प्रमाण मिले हैं, जबकि गोलीबारी की पुष्टि नहीं हुई है। दूसरी ओर खान सर और उनके संस्थान की ओर से इसे सुनियोजित हमला बताया गया है।

घटना के बाद खान सर ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। उनके समर्थन में बड़ी संख्या में छात्र भी सड़क पर उतर आए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *