KNEWS DESK- दिल्ली के मालवीय नगर के हौज रानी इलाके में बुधवार सुबह एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे रेस्टोरेंट को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, आग लगते ही वहां मौजूद कई लोग अंदर फंस गए और धुएं के कारण बाहर नहीं निकल सके। प्रशासन को आशंका है कि कुछ लोग अब भी इमारत के अंदर हो सकते हैं। इसी वजह से राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि अब तक 11 घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया है। सभी का इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, लेकिन डॉक्टरों की रिपोर्ट आने के बाद ही उनकी स्थिति पर पूरी जानकारी दी जाएगी।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। अधिकारियों के अनुसार, आग की गंभीरता को देखते हुए इसे सुबह करीब 9:16 बजे मेक-4 श्रेणी की आग घोषित किया गया। इसके बाद अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को भी बुलाया गया और कुल 10 दमकल वाहनों ने आग बुझाने का काम किया।
दमकलकर्मियों को अंदर घने धुएं और तेज गर्मी के कारण राहत कार्य में काफी परेशानी हुई। इसके बावजूद टीम ने काफी हद तक आग पर काबू पा लिया है। अब इमारत के अंदर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई और व्यक्ति अंदर फंसा न हो।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और स्थिति को देखकर दहशत फैल गई।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच शुरू कर दी गई है। विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंचकर यह जांच कर रही है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी तकनीकी खराबी की वजह से।
प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं और कहा है कि हादसे की पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।