KNEWS DESK- 10 करोड़ से ज्यादा गानों का एक्सेस, Dolby Atmos सपोर्ट और ऑफलाइन डाउनलोड जैसी सुविधाओं के साथ Amazon ने बढ़ाई Spotify और YouTube Music की टेंशन।

भारतीय म्यूजिक स्ट्रीमिंग मार्केट में प्रतिस्पर्धा अब और तेज होने वाली है। ई-कॉमर्स और टेक दिग्गज Amazon ने भारत में अपनी प्रीमियम म्यूजिक स्ट्रीमिंग सर्विस Amazon Music Unlimited लॉन्च कर दी है। कंपनी का दावा है कि यह सर्विस यूजर्स को हाई-क्वालिटी ऑडियो, विज्ञापन-मुक्त अनुभव और लाखों गानों तक आसान पहुंच उपलब्ध कराएगी।
लॉन्च के साथ Amazon ने Prime और Non-Prime ग्राहकों के लिए आकर्षक फ्री ट्रायल ऑफर भी पेश किया है, जिससे यूजर्स बिना किसी अतिरिक्त खर्च के लंबे समय तक इस सर्विस का आनंद ले सकेंगे।
Prime यूजर्स को मिलेगा 6 महीने का फ्री ट्रायल
Amazon Music Unlimited की मासिक सदस्यता Prime मेंबर्स के लिए 99 रुपये तय की गई है। वहीं, जिन यूजर्स के पास Prime सदस्यता नहीं है, उन्हें इसके लिए 119 रुपये प्रति माह का भुगतान करना होगा।
हालांकि लॉन्च ऑफर के तहत Prime ग्राहकों को 6 महीने तक यह सर्विस मुफ्त में इस्तेमाल करने का मौका मिलेगा। वहीं Non-Prime यूजर्स को 3 महीने का फ्री ट्रायल दिया जाएगा। ट्रायल अवधि समाप्त होने के बाद नियमित शुल्क लागू होगा।
10 करोड़ से ज्यादा गानों की लाइब्रेरी
नई सर्विस के साथ यूजर्स को 100 मिलियन यानी 10 करोड़ से अधिक गानों, पॉडकास्ट और ऑडियो कंटेंट तक पहुंच मिलेगी। कंपनी का कहना है कि इसमें अंतरराष्ट्रीय और भारतीय भाषाओं का विशाल कंटेंट लाइब्रेरी शामिल है, जिससे हर तरह के संगीत प्रेमियों की जरूरत पूरी हो सकेगी।
Dolby Atmos और HD ऑडियो का मिलेगा मजा
Amazon Music Unlimited की सबसे बड़ी खासियत इसकी ऑडियो क्वालिटी है। यूजर्स को HD, Ultra HD और Dolby Atmos आधारित Spatial Audio का सपोर्ट मिलेगा। इससे गानों को अधिक स्पष्ट, गहराई वाले और स्टूडियो जैसी साउंड क्वालिटी में सुना जा सकेगा।
इसके अलावा विज्ञापन-मुक्त म्यूजिक स्ट्रीमिंग और ऑफलाइन डाउनलोड की सुविधा भी दी गई है, जिससे इंटरनेट न होने पर भी पसंदीदा गाने सुने जा सकते हैं।
Amazon Music के होंगे तीन विकल्प
कंपनी ने भारत में म्यूजिक सर्विस को तीन स्तरों में उपलब्ध कराने का फैसला किया है। पहला और सबसे प्रीमियम विकल्प Amazon Music Unlimited होगा, जिसमें सभी एडवांस फीचर्स शामिल हैं। दूसरा Amazon Music for Prime Members है, जो Prime सब्सक्रिप्शन के साथ उपलब्ध रहेगा, लेकिन इसमें कुछ फीचर्स सीमित होंगे। वहीं कंपनी जल्द ही Amazon Music Free भी लॉन्च करेगी, जिसमें पूरा म्यूजिक कैटलॉग उपलब्ध होगा लेकिन यूजर्स को विज्ञापन देखने पड़ेंगे।
Spotify और YouTube Music को मिलेगी चुनौती
भारतीय बाजार में पहले से Spotify, YouTube Music, Apple Music और JioSaavn जैसी सेवाएं मौजूद हैं। ऐसे में Amazon Music Unlimited की प्रतिस्पर्धी कीमत, लंबा फ्री ट्रायल और प्रीमियम ऑडियो फीचर्स इसे बाजार में मजबूत दावेदार बना सकते हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर Amazon अपने ऑफर्स और कंटेंट लाइब्रेरी को लगातार मजबूत करता है, तो यह भारतीय म्यूजिक स्ट्रीमिंग इंडस्ट्री में बड़ा बदलाव ला सकता है।