जापानी गुड़िया बनीं रश्मिका मंदाना, पति विजय देवरकोंडा संग शेयर कीं रोमांटिक तस्वीरें

KNEWS DESK – साउथ से लेकर बॉलीवुड तक अपनी दमदार पहचान बना चुकी रश्मिका मंदाना एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि जापान से सामने आई उनकी खूबसूरत तस्वीरें हैं। अभिनेत्री ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जापान ट्रिप की कई झलकियां साझा की हैं, जिन्हें फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।

तस्वीरों में रश्मिका जापान की संस्कृति, खूबसूरत नजारों और स्थानीय खानपान का आनंद लेती नजर आ रही हैं। खास बात यह रही कि कई तस्वीरों में उनके साथ अभिनेता विजय देवरकोंडा भी दिखाई दिए, जिससे फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई। दोनों को जापान की सड़कों पर घूमते, साथ समय बिताते और यादगार पल कैद करते देखा जा सकता है।

रश्मिका की एक तस्वीर ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा, जिसमें वह जापान की पारंपरिक पोशाक ‘युकाटा’ पहने नजर आईं। सिंपल मेकअप, हाफ बन हेयरस्टाइल और मुस्कुराते चेहरे के साथ उनका यह अंदाज फैंस को बेहद पसंद आया। अभिनेत्री ने अपने पोस्ट में जापान के कई खूबसूरत नजारों की तस्वीरें भी शेयर कीं, जिनमें प्रसिद्ध माउंट फूजी की झलक भी शामिल है।

इसके अलावा रश्मिका ने अपने होटल से भी कुछ खास तस्वीरें साझा कीं। एक फोटो में वह फ्लोरल प्रिंट वाली सफेद ड्रेस में दिखाई दीं, जिसमें उनका स्टाइलिश और एलिगेंट लुक देखने को मिला। वहीं एक अन्य तस्वीर में अभिनेत्री जापानी व्यंजनों का स्वाद लेती नजर आईं। माचा टी और जापानी सुफ्ले पैनकेक्स के साथ उनकी तस्वीरें फूड लवर्स को भी काफी पसंद आ रही हैं।

दरअसल, रश्मिका टोक्यो में आयोजित 10वें क्रंचीरोल एनीमे अवॉर्ड्स 2026 में बतौर प्रेजेंटर शामिल होने पहुंची थीं। कार्यक्रम के बाद उन्होंने जापान में कुछ समय बिताया और वहां की संस्कृति और प्राकृतिक सुंदरता को करीब से महसूस किया।

वर्कफ्रंट की बात करें तो रश्मिका मंदाना आने वाले समय में कई बड़े प्रोजेक्ट्स में नजर आने वाली हैं। वह विजय देवरकोंडा के साथ फिल्म ‘रणबाली’ में दिखाई देंगी। इसके अलावा शाहिद कपूर और कृति सेनन के साथ ‘कॉकटेल 2’ भी उनके खाते में शामिल है, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *