RCB ने रचा इतिहास, लगातार दूसरी बार जीता IPL खिताब

KNEWS DESK- इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने एक बार फिर अपना दमखम दिखाते हुए गुजरात टाइटंस (GT) को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल कर लिया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गेंदबाजों और बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर आरसीबी ने अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी आरसीबी की टीम ने शुरुआत से ही गुजरात के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। तेज गेंदबाज जॉश हेजलवुड ने कप्तान शुभमन गिल को महज 10 रन पर आउट कर बड़ा झटका दिया। इसके बाद साई सुदर्शन भी ज्यादा देर टिक नहीं सके और 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।गुजरात की पारी को संभालने की जिम्मेदारी जॉस बटलर ने उठाने की कोशिश की, लेकिन क्रुणाल पंड्या ने उन्हें अहम मौके पर आउट कर दिया। मध्यक्रम में वाशिंगटन सुंदर ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में नाबाद 50 रन बनाए, जिसकी बदौलत गुजरात टाइटंस 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 155 रन तक पहुंच सकी।

आरसीबी की ओर से युवा गेंदबाज रसिख सलाम सबसे सफल रहे। उन्होंने 4 ओवर में 27 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके। वहीं, भुवनेश्वर कुमार और जॉश हेजलवुड ने दो-दो विकेट अपने नाम किए।

156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को वेंकटेश अय्यर और विराट कोहली ने तेज शुरुआत दिलाई। वेंकटेश ने केवल 16 गेंदों में 32 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हालांकि, बीच के ओवरों में गुजरात ने कुछ विकेट लेकर मुकाबले में वापसी की कोशिश की।

राशिद खान ने एक ही ओवर में कप्तान रजत पाटीदार और क्रुणाल पंड्या को आउट कर मैच को रोमांचक बना दिया, लेकिन विराट कोहली एक छोर पर डटे रहे। अनुभवी बल्लेबाज ने शानदार संयम और आक्रामकता का परिचय देते हुए 42 गेंदों में नाबाद 75 रन बनाए। उनकी पारी में 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। टिम डेविड ने भी 17 गेंदों में 24 रनों का उपयोगी योगदान देकर जीत की राह आसान की।

विराट की मैच जिताऊ पारी की बदौलत आरसीबी ने लक्ष्य को 5 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया और लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम कर ली।इस ऐतिहासिक जीत के साथ आरसीबी उन चुनिंदा टीमों की सूची में शामिल हो गई है जिन्होंने अपने आईपीएल खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया है। इससे पहले केवल चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस ही यह उपलब्धि हासिल कर पाई थीं। 2025 में अपना पहला आईपीएल खिताब जीतने वाली बेंगलुरु ने 2026 में भी शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए अपने सुनहरे दौर को बरकरार रखा।

आरसीबी के लिए यह जीत सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि वर्षों के इंतजार, संघर्ष और फैंस के अटूट विश्वास का परिणाम है। एक बार फिर विराट कोहली टीम की सफलता के सबसे बड़े नायक बनकर उभरे और बेंगलुरु को इतिहास के पन्नों में एक नई पहचान दिला दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *