CBSE OnMark पोर्टल पर बड़ा अपडेट, तकनीकी खामियां दूर करने में जुटी सरकार

Knews Desk- सीबीएसई (CBSE) के डिजिटल प्लेटफॉर्म ऑनमार्क पोर्टल को लेकर सामने आई तकनीकी शिकायतों पर बोर्ड ने आधिकारिक बयान जारी किया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि पोर्टल में पाई गई कमियों को सरकार ने गंभीरता से लिया है और समस्या सामने आते ही उसे दूर करने के लिए तत्काल कदम उठाए गए।

सीबीएसई के अनुसार, जैसे ही सार्वजनिक स्तर पर तकनीकी खामियों की जानकारी मिली, सरकार ने देश के प्रमुख तकनीकी संस्थानों और साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की मदद से कार्रवाई शुरू कर दी। पिछले कुछ दिनों से विभिन्न सरकारी एजेंसियों और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (IITs) के विशेषज्ञों की एक विशेष टीम इस सिस्टम की सुरक्षा को मजबूत करने में जुटी रही।

विशेषज्ञों ने पोर्टल की गहन जांच कर तकनीकी कमजोरियों की पहचान की और उन्हें दूर करने के लिए आवश्यक सुधार किए। इसके साथ ही ऑनमार्क पोर्टल को अधिक सुरक्षित और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर शिफ्ट किया गया है। बोर्ड का दावा है कि अब तक सामने आई सभी प्रमुख सुरक्षा खामियों को नियंत्रित कर लिया गया है और संभावित खतरों को पूरी तरह टाल दिया गया है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि सिस्टम का व्यापक ऑडिट अभी भी जारी है। विशेषज्ञ यह सुनिश्चित करने में लगे हैं कि पोर्टल में कोई अन्य तकनीकी कमी या सुरक्षा संबंधी लूपहोल न रह जाए। इसके लिए लगातार निगरानी और परीक्षण किया जा रहा है।

सीबीएसई ने उन जागरूक नागरिकों और एथिकल हैकर्स का भी आभार व्यक्त किया है, जिन्होंने समय रहते संभावित खामियों की ओर ध्यान आकर्षित किया। बोर्ड के मुताबिक, कई साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के साथ सीधे संपर्क में रहकर उनकी सलाह और सहयोग लिया जा रहा है, ताकि पोर्टल को और अधिक सुरक्षित बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *