KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद कमिश्नरेट के खोड़ा थाना क्षेत्र में हुए चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान मार गिराया है। आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। मुठभेड़ के दौरान पुलिस का एक कांस्टेबल भी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, 28 मई को बकरीद के दिन खोड़ा क्षेत्र के नवनीत विहार में असद और उसके साथियों ने सूर्या चौहान पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल सूर्या को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया था।
सूर्या की हत्या के विरोध में परिजनों और विभिन्न संगठनों ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर पांच लोगों को नामजद किया था, जिनमें से तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) धवल जायसवाल ने बताया कि मुख्य आरोपी असद की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि असद अपने एक साथी से पैसे लेकर क्षेत्र छोड़ने की तैयारी में है और खोड़ा इलाके में आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कई टीमों को सक्रिय कर क्षेत्र में घेराबंदी और सघन चेकिंग अभियान शुरू किया।
पुलिस के अनुसार, वसुंधरा क्षेत्र में असद अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने और आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने कथित रूप से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें असद गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने घटनास्थल से एक अवैध देसी पिस्तौल और मोटरसाइकिल बरामद की है।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही असद के आपराधिक रिकॉर्ड और उसके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।सूर्या चौहान हत्याकांड और उसके मुख्य आरोपी के एनकाउंटर के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।