KNEWS DESK – हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री और ‘ड्रीम गर्ल’ के नाम से मशहूर हेमा मालिनी अपने प्रशंसकों को एक खास सरप्राइज देने जा रही हैं। फिल्मों, नृत्य और मंच प्रस्तुतियों के जरिए दशकों तक दर्शकों का मनोरंजन करने वाली हेमा मालिनी अब पहली बार लाइव सिंगिंग के मंच पर कदम रखने जा रही हैं।
अपने शानदार फिल्मी सफर के 60 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हेमा मालिनी ‘द ड्रीम गर्ल्स डायमंड जुबली कॉन्सर्ट’ का हिस्सा बनेंगी। यह कार्यक्रम उनके लंबे और यादगार करियर को समर्पित होगा, जहां दर्शकों को उनके जीवन और सिनेमा से जुड़े कई खास पल देखने और सुनने को मिलेंगे।
इस विशेष आयोजन में हेमा मालिनी सिर्फ अपने अनुभव साझा ही नहीं करेंगी, बल्कि पहली बार दर्शकों के सामने लाइव गाने भी प्रस्तुत करेंगी। बताया जा रहा है कि वह अपनी फिल्मों के कुछ लोकप्रिय गीतों को अपनी आवाज में पेश करेंगी। इसके अलावा कार्यक्रम में एक खास सरप्राइज परफॉर्मेंस भी शामिल होगी, जिसे लेकर फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ गई है।
कार्यक्रम की थीम ‘लेजेंड्स की कहानी, लेजेंड्स की जुबानी’ रखी गई है। इस दौरान अभिनेत्री अपने करियर से जुड़े कई रोचक और अनसुने किस्से भी साझा करेंगी। उनके प्रशंसकों के लिए यह एक भावनात्मक और यादगार शाम साबित हो सकती है।
इस आयोजन का एक सामाजिक उद्देश्य भी है। यह कॉन्सर्ट सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) के सहयोग और सहायता के लिए आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम से प्राप्त आय का उपयोग कलाकारों के कल्याण से जुड़े कार्यों में किया जाएगा।
10 जुलाई को आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में 15 कलाकारों का लाइव ऑर्केस्ट्रा भी शामिल होगा, जो हेमा मालिनी की फिल्मों के लोकप्रिय गीतों को मंच पर जीवंत करेगा। साथ ही उनके पति और हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को भी एक विशेष श्रद्धांजलि दी जाएगी।
फिल्मों में छह दशक पूरे करने के बाद हेमा मालिनी का यह नया रूप उनके प्रशंसकों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है। अब सभी की निगाहें इस खास शाम पर टिकी हैं, जहां ड्रीम गर्ल पहली बार अपनी आवाज का जादू बिखेरती नजर आएंगी।