KNEWS DESK – भारत की पहली MasterChef India विजेता और मशहूर सेलिब्रिटी शेफ Pankaj Bhadouria ने हाल ही में अपने फैंस के साथ एक भावुक खबर साझा की है। पंकज ने सोशल मीडिया पर बताया कि उन्हें ब्रेस्ट कैंसर का पता चला है और फिलहाल वह इस बीमारी का इलाज करवा रही हैं। इस खबर के सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों और मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
आज पंकज भदौरिया देश की सबसे लोकप्रिय शेफ्स में गिनी जाती हैं, लेकिन यहां तक पहुंचने का उनका सफर आसान नहीं था। एक समय ऐसा था जब वह लखनऊ के एक स्कूल में अंग्रेजी की अध्यापिका थीं और करीब 16 वर्षों तक उन्होंने शिक्षण कार्य किया। हालांकि, खाना बनाना उनका सबसे बड़ा जुनून था और यही जुनून उन्हें एक ऐसे मोड़ पर ले आया, जिसने उनकी पूरी जिंदगी बदल दी।
साल 2010 में जब भारत में पहली बार मास्टरशेफ इंडिया का आयोजन हुआ, तब पंकज ने इसमें हिस्सा लेने का फैसला किया। लेकिन प्रतियोगिता में चयन होने के बाद उनके सामने एक कठिन चुनौती आ खड़ी हुई। उन्हें अपनी स्थायी नौकरी और अपने सपनों में से किसी एक को चुनना था। कई लोगों ने उन्हें सुरक्षित करियर छोड़ने के फैसले पर गलत ठहराया, लेकिन पंकज ने जोखिम उठाने का फैसला किया।
मुंबई पहुंचकर उन्होंने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा के दम पर इतिहास रच दिया। पंकज भदौरिया मास्टरशेफ इंडिया की पहली विजेता बनीं और देखते ही देखते देशभर में लोकप्रिय हो गईं। इसके बाद उन्होंने कई सफल कुकिंग शोज होस्ट किए और अपनी अलग पहचान बनाई।
मास्टरशेफ जीतने के बाद पंकज ने अपना कुकिंग इंस्टीट्यूट भी शुरू किया, जहां उन्होंने हजारों लोगों को प्रशिक्षण दिया। इसके अलावा उन्होंने कुकिंग से जुड़ी कई किताबें भी लिखीं और टीवी की दुनिया में एक भरोसेमंद नाम बन गईं।
आज जब वह कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ रही हैं, तब उनकी प्रेरणादायक कहानी एक बार फिर लोगों को हिम्मत दे रही है। उनके चाहने वालों का मानना है कि जिस तरह उन्होंने अपने जीवन की हर चुनौती का सामना मजबूती से किया है, उसी तरह इस कठिन दौर को भी पार कर लेंगी।