ट्विशा शर्मा मौत मामला में सास और पति 5 दिन की CBI रिमांड पर, आमने-सामने बैठाकर होगी पूछताछ

KNEWS DESK- एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा मौत मामले में जांच अब और तेज हो गई है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने शुक्रवार को ट्विशा की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह तथा पति समर्थ सिंह को स्पेशल कोर्ट में पेश किया। सुनवाई के दौरान जांच एजेंसी ने दोनों आरोपियों की पांच दिन की रिमांड मांगी, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया।

स्पेशल कोर्ट की जज शोभना भलावे ने दोनों आरोपियों को पांच दिन की CBI रिमांड पर भेज दिया। खास बात यह रही कि आरोपी पक्ष के वकील ने रिमांड का विरोध नहीं किया। इससे पहले समर्थ सिंह पहले से ही सात दिन की CBI हिरासत में था और उसकी रिमांड खत्म होने के बाद उसे दोबारा कोर्ट में पेश किया गया।

सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी अब मामले की कड़ियों को जोड़ने के लिए गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगी। जांचकर्ताओं का मानना है कि दोनों के बयानों में कई विरोधाभास सामने आ सकते हैं, जिससे मामले की सच्चाई तक पहुंचने में मदद मिलेगी।

CBI समर्थ सिंह से उसकी फरारी को लेकर भी सवाल-जवाब करेगी। एजेंसी यह जानने की कोशिश कर रही है कि वह फरार रहने के दौरान कहां-कहां रहा और किन लोगों ने उसकी मदद की।

जांच एजेंसी अब इस केस में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर रही है। CBI सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच के लिए “टनल व्यू इन्वेस्टिगेशन” तकनीक अपनाई जा रही है। इसके तहत ट्विशा शर्मा के आखिरी घंटों का वर्चुअल रीक्रिएशन तैयार किया जाएगा।

इस प्रक्रिया के जरिए एजेंसी यह समझने की कोशिश करेगी कि घटना से पहले और बाद में क्या-क्या हुआ। जांच टीम मिनट-टू-मिनट एक्टिविटी को दोबारा तैयार कर घटनास्थल और परिस्थितियों का विश्लेषण करेगी।

CBI इस मामले में पारिवारिक विवाद, मानसिक प्रताड़ना और अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। एजेंसी डिजिटल सबूत, कॉल रिकॉर्ड, चैट और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच में जुटी हुई है।

ट्विशा शर्मा की मौत ने मनोरंजन जगत और आम लोगों के बीच काफी चर्चा पैदा की है। परिवार और फैंस लगातार मामले में निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

अब सबकी नजर CBI की आगामी पूछताछ और जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिससे इस हाई-प्रोफाइल केस के कई अहम राज सामने आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *