IPL 2026 में नई पाबंदी, स्मार्ट गॉगल्स नहीं पहन सकेंगे खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ

Knews Desk-इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के दौरान मैचों की निष्पक्षता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। बोर्ड की भ्रष्टाचार निरोधक एवं सुरक्षा इकाई (ACSU) ने स्मार्ट ग्लासेस, स्मार्ट गॉगल्स और रिकॉर्डिंग या संचार तकनीक से लैस चश्मों के इस्तेमाल पर सख्त प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है।

ACSU के अनुसार, हाल के दिनों में कुछ कंपनियां IPL टीमों के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को ऐसे स्मार्ट गॉगल्स उपलब्ध कराने की कोशिश कर रही थीं, जिनमें लाइव स्ट्रीमिंग, टेक्स्ट मैसेजिंग, ऑडियो कॉल और वीडियो कॉल जैसी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। ये डिवाइस मोबाइल डेटा और वाई-फाई नेटवर्क के जरिए काम करते हैं और रियल टाइम में जानकारी साझा करने में सक्षम हैं।

BCCI का मानना है कि ऐसे उपकरण मैच की गोपनीयता और खेल की निष्पक्षता के लिए खतरा बन सकते हैं। इसी वजह से बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि PMOA (Players and Match Officials Area) नियमों के तहत इन स्मार्ट गॉगल्स को “कम्युनिकेशन डिवाइस” और “ऑडियो/वीडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस” की श्रेणी में रखा जाएगा।

नई गाइडलाइन के मुताबिक खिलाड़ी, कोच, सपोर्ट स्टाफ या मैच अधिकारियों को मैच के दौरान या खिलाड़ियों और अधिकारियों के निर्धारित क्षेत्र में ऐसे किसी भी स्मार्ट डिवाइस को रखने या इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है।

BCCI और ACSU का कहना है कि तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के बीच खेल की विश्वसनीयता बनाए रखना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। यही वजह है कि IPL 2026 में सुरक्षा मानकों को और अधिक मजबूत किया जा रहा है, ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि, डेटा लीक या मैच से जुड़ी गोपनीय जानकारी के दुरुपयोग को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *