संजू बाबा का सपना टूटा! ‘खलनायक रिटर्न्स’ डायरेक्ट करने से पीछे हटे राजकुमार संतोषी

KNEWS DESK – Sanjay Dutt इन दिनों अपने कई बड़े प्रोजेक्ट्स को लेकर चर्चा में हैं। इस साल उनकी अब तक चार फिल्में रिलीज हो चुकी हैं, जिनमें कुछ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया तो कुछ बुरी तरह फ्लॉप भी साबित हुईं। हालांकि अब संजय दत्त का पूरा फोकस उनकी चर्चित फिल्म Khalnayak Returns पर है। फिल्म का ऑफिशियल ऐलान पहले ही हो चुका है और संजू बाबा का दमदार फर्स्ट लुक भी सामने आ चुका है। लेकिन अब फिल्म से जुड़ी एक बड़ी अपडेट ने फैंस को चौंका दिया है।

दरअसल लंबे समय से खबरें थीं कि Rajkumar Santoshi इस फिल्म का निर्देशन कर सकते हैं। बताया जा रहा था कि खुद संजय दत्त चाहते थे कि ‘खलनायक रिटर्न्स’ की कमान राजकुमार संतोषी संभालें, क्योंकि उन्हें कमर्शियल सिनेमा का जबरदस्त अनुभव है। लेकिन अब रिपोर्ट्स के मुताबिक डायरेक्टर ने इस फिल्म को करने से इनकार कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, संजय दत्त ने खुद राजकुमार संतोषी से मुलाकात कर उन्हें फिल्म डायरेक्ट करने का ऑफर दिया था। हालांकि संतोषी ने बेहद प्यार और सम्मान के साथ इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया। इसकी सबसे बड़ी वजह उनका मौजूदा बिजी शेड्यूल बताया जा रहा है।

दरअसल राजकुमार संतोषी इस समय Lahore 1947 में व्यस्त हैं, जिसमें Sunny Deol अहम भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की रिलीज अगस्त में होने वाली है और डायरेक्टर फिलहाल पोस्ट-प्रोडक्शन व फाइनल टच देने में लगे हुए हैं। इसके अलावा खबर यह भी है कि संतोषी ने एक नई स्क्रिप्ट तैयार की है, जिसे वह Aamir Khan और सनी देओल को सुनाना चाहते हैं। इसी वजह से उनके पास ‘खलनायक रिटर्न्स’ के लिए समय नहीं बच पा रहा।

बताया जा रहा है कि इस फैसले से संजय दत्त को बड़ा झटका लगा है। वह चाहते थे कि संतोषी इस फिल्म को अपनी विजन के साथ बड़े स्तर पर पेश करें। हालांकि दोनों ने पहले कभी साथ काम नहीं किया, लेकिन संजू बाबा को लगा था कि यह प्रोजेक्ट उनके साथ शुरुआत करने के लिए बिल्कुल सही रहेगा।

फिलहाल राजकुमार संतोषी ने फिल्म को लेकर संजय दत्त के विजन और उनके लुक की जमकर तारीफ की है। उन्होंने अभिनेता को इस बड़े प्रोजेक्ट के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ‘खलनायक रिटर्न्स’ की डायरेक्टर कुर्सी किसके हाथ में जाएगी।

बता दें कि साल 1993 में रिलीज हुई Khalnayak को Subhash Ghai ने डायरेक्ट किया था। हालांकि वह पहले ही साफ कर चुके हैं कि सीक्वल में वह डायरेक्टर की जिम्मेदारी नहीं संभालेंगे, लेकिन प्रोड्यूसर के तौर पर इस प्रोजेक्ट से जुड़े रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *