दिल्ली भाजपा में बड़ा बदलाव, हर्ष मल्होत्रा बने नए प्रदेश अध्यक्ष, संगठन ने सौंपी अहम जिम्मेदारी

KNEWS DESK- भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से जारी आदेश के अनुसार उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।

हर्ष मल्होत्रा लंबे समय से संगठन और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे हैं। पार्टी में उनकी संगठनात्मक पकड़ और राजनीतिक अनुभव को देखते हुए उन्हें दिल्ली भाजपा की कमान सौंपी गई है।

हर्ष मल्होत्रा ने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में पूर्वी दिल्ली सीट से जीत दर्ज कर पहली बार संसद में कदम रखा था। चुनावी जीत के बाद उन्हें केंद्र सरकार में कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाया गया।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि संगठन और सरकार दोनों में सक्रिय भूमिका निभाने के कारण पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया है।

हर्ष मल्होत्रा का राजनीतिक सफर स्थानीय निकाय राजनीति से शुरू हुआ था। वर्ष 2012 में वह वेलकम वार्ड से पार्षद चुने गए थे। इसके बाद 2015-16 में उन्होंने पूर्वी दिल्ली नगर निगम (EDMC) के मेयर के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली।

भाजपा संगठन में भी उन्होंने कई अहम पदों पर काम किया है। प्रदेश अध्यक्ष बनने से पहले वह दिल्ली भाजपा के महासचिव थे। इसके अलावा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष और प्रशिक्षण वर्ग प्रमुख जैसे संगठनात्मक दायित्व भी निभा चुके हैं।

सूत्रों के मुताबिक भाजपा नेतृत्व दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष के चयन में आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव को भी ध्यान में रख रहा था। पार्टी ऐसे चेहरे की तलाश में थी जिसकी स्वीकार्यता दिल्ली के साथ-साथ पंजाब के सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों में भी प्रभावी हो।

पंजाबी समुदाय से आने वाले हर्ष मल्होत्रा को इसी रणनीति के तहत मजबूत विकल्प माना गया। पार्टी को उम्मीद है कि उनका अनुभव और सामाजिक पहुंच संगठन को आगामी चुनावों में फायदा पहुंचा सकती है।

दिल्ली भाजपा की कमान संभालने के बाद अब हर्ष मल्होत्रा के सामने संगठन को और मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने और आगामी चुनावी रणनीति तैयार करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।

पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में दिल्ली भाजपा संगठनात्मक स्तर पर नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *