KNEWS DESK- असम के मशहूर गायक और अभिनेता जुबिन गर्ग की मौत से जुड़े मामले में अब बड़ा कानूनी मोड़ आ गया है। गुवाहाटी की फास्ट ट्रैक कोर्ट ने इस केस में 7 लोगों के खिलाफ आरोप तय किए हैं, जिनमें से 4 पर हत्या का आरोप लगाया गया है। कोर्ट के इस फैसले के बाद मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अदालत ने इस मामले में हत्या, आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, जबरन वसूली, आपराधिक विश्वासघात और सबूत मिटाने जैसी गंभीर धाराएं लगाई हैं। अब इस पूरे मामले की विस्तृत सुनवाई कोर्ट में की जाएगी।
हत्या से जुड़े आरोप जिन चार लोगों पर लगाए गए हैं, उनमें जुबिन गर्ग के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा, सिंगापुर इवेंट मैनेजर श्यामकनु महंता, उनके पूर्व बैंडमेट शेखर ज्योति गोस्वामी और असमिया गायिका अमृत प्रवा महंता शामिल हैं। इन सभी पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इसके अलावा श्यामकनु महंता पर जबरन वसूली, धोखाधड़ी और सबूत मिटाने जैसी अतिरिक्त धाराएं भी लगाई गई हैं। वहीं सिद्धार्थ शर्मा और शेखर ज्योति गोस्वामी पर आपराधिक विश्वासघात का आरोप भी जोड़ा गया है। अमृत प्रवा महंता पर सबूत मिटाने का मामला दर्ज हुआ है।
मामले में Zubeen Garg के चचेरे भाई और असम पुलिस के पूर्व अधिकारी संदीपन गर्ग का नाम भी सामने आया है। उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की गई है। इसके अलावा दो निजी सुरक्षा गार्डों पर भी आरोप तय किए गए हैं।
कोर्ट के इस फैसले के बाद अब पूरे मामले की सुनवाई तेज होने की संभावना है। वहीं जुबिन गर्ग के फैंस और परिवार लंबे समय से न्याय की मांग कर रहे हैं और अब उन्हें उम्मीद है कि अदालत में मामले की सच्चाई सामने आएगी।