Byju’s फाउंडर बायजू रवींद्रन को बड़ा झटका, सिंगापुर कोर्ट ने सुनाई 6 महीने की जेल, साथ में भरना होगा भारी जुर्माना

Knews Desk– भारत की चर्चित एडटेक कंपनी Byju’s एक बार फिर बड़े विवाद में घिर गई है। कंपनी के संस्थापक Byju Raveendran को सिंगापुर की एक अदालत ने अवमानना (Contempt of Court) मामले में छह महीने की जेल की सजा सुनाई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अदालत ने पाया कि बायजू रवींद्रन ने अपनी संपत्तियों से जुड़े कई कोर्ट आदेशों का पालन नहीं किया।

बताया जा रहा है कि यह मामला अप्रैल 2024 से चल रहे कानूनी विवादों से जुड़ा है। कोर्ट ने आरोप लगाया कि रवींद्रन ने अपनी संपत्तियों और वित्तीय दस्तावेजों की जानकारी समय पर साझा नहीं की और कई निर्देशों की अनदेखी की। इसी वजह से सिंगापुर कोर्ट ने उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया। साथ ही उन पर करीब 90 हजार सिंगापुर डॉलर का कानूनी खर्च भी लगाया गया है।

दरअसल, Byju’s पिछले कुछ वर्षों से भारी वित्तीय संकट में फंसी हुई है। कंपनी पर विदेशी निवेशकों और लेंडर्स का अरबों डॉलर बकाया है। अमेरिका और सिंगापुर समेत कई देशों में कंपनी और उसके संस्थापक के खिलाफ केस चल रहे हैं। इससे पहले अमेरिकी अदालत भी बायजू रवींद्रन को अदालत की अवमानना का दोषी ठहरा चुकी है।

Byju’s कभी भारत का सबसे बड़ा और सबसे मूल्यवान स्टार्टअप माना जाता था। कोविड के दौरान ऑनलाइन शिक्षा की मांग बढ़ने से कंपनी तेजी से आगे बढ़ी, लेकिन बाद में खराब वित्तीय प्रबंधन, कर्ज, निवेशकों के विवाद और कर्मचारियों की छंटनी ने कंपनी को संकट में डाल दिया।

हालांकि सजा के बाद बायजू रवींद्रन ने दावा किया है कि कंपनी और लेंडर्स के बीच समझौता होने के करीब है। उन्होंने कहा कि कुछ बड़े निवेशकों के साथ बातचीत अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। लेकिन अदालत के इस फैसले ने Byju’s की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *