KNEWS DESK- आईपीएल 2026 के प्लेऑफ मुकाबलों में एक बार फिर छक्कों का रिकॉर्ड चर्चा में आ गया है। 12 साल से कायम दिग्गज बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग का एक मैच में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड अब खतरे में नजर आ रहा है। इस रिकॉर्ड को तोड़ने की सबसे बड़ी दावेदारी युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी की मानी जा रही है, जिन्होंने इस सीजन अपने विस्फोटक खेल से सभी को प्रभावित किया है।
वीरेंद्र सहवाग ने साल 2014 के क्वालिफायर-2 मुकाबले में 122 रनों की तूफानी पारी खेलते हुए 8 छक्के लगाए थे। किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) की ओर से खेलते हुए उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ यह ऐतिहासिक पारी खेली थी, जो आज तक प्लेऑफ में एक मैच में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड बना हुआ है।
लेकिन अब इस रिकॉर्ड के सामने सबसे बड़ा खतरा 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी से है। मौजूदा सीजन में वैभव ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से हर किसी का ध्यान खींचा है। उन्होंने अब तक 14 मैचों में 53 छक्के जड़ दिए हैं, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा एक सीजन में लगाया गया सबसे बड़ा आंकड़ा है।
वैभव सूर्यवंशी इस समय आईपीएल के सबसे बड़े ब्रेकआउट स्टार बनकर उभरे हैं। उनकी पावर-हिटिंग क्षमता उन्हें क्रिस गेल और सहवाग जैसे दिग्गजों की याद दिलाती है। यही वजह है कि उन्हें एलिमिनेटर मुकाबले में सबसे बड़ा मैच-विनर माना जा रहा है।
27 मई को मुल्लानपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले एलिमिनेटर मैच में सभी की नजरें वैभव पर होंगी। अगर वह अपनी लय में रहे तो सहवाग के 8 छक्कों के रिकॉर्ड का टूटना लगभग तय माना जा रहा है।
इसके अलावा वैभव अब क्रिस गेल के एक सीजन में 59 छक्कों के रिकॉर्ड के भी बेहद करीब पहुंच चुके हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह युवा बल्लेबाज प्लेऑफ में इतिहास रच पाता है या नहीं।