NEET Paper Leak: सुप्रीम कोर्ट का बड़ा एक्शन, NTA और CBI से मांगा जवाब

Knews Desk- NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को सख्त रुख अपनाया। अदालत ने केंद्र सरकार, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि NTA ने पिछली घटनाओं से अब तक कोई सबक नहीं सीखा है।

यह मामला उस याचिका से जुड़ा है जिसमें NEET परीक्षा प्रणाली में बड़े सुधार, परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी और दोबारा परीक्षा कराने की मांग की गई है। याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि लगातार पेपर लीक की घटनाएं छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र और संबंधित एजेंसियों से विस्तृत हलफनामा दाखिल करने को कहा है। अदालत ने यह भी संकेत दिया कि यदि परीक्षा प्रणाली में खामियां दूर नहीं हुईं, तो भविष्य में और कड़े निर्देश दिए जा सकते हैं।

इधर CBI की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। जांच एजेंसी अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। हाल ही में पुणे की एक स्कूल प्रिंसिपल को भी गिरफ्तार किया गया, जिस पर पैसों के बदले छात्रों तक सवाल पहुंचाने का आरोप है। वहीं महाराष्ट्र के लातूर से जुड़े कुछ कोचिंग संस्थानों और संदिग्ध उम्मीदवारों की भी जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि NEET-UG 2026 परीक्षा को लेकर पहले भी बड़े विवाद सामने आए थे। वायरल “गेस पेपर” के असली प्रश्नपत्र से मेल खाने के बाद परीक्षा प्रक्रिया पर सवाल खड़े हुए थे, जिसके बाद CBI जांच शुरू हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *